बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में अव्यवस्थाओं का आलम छाया है। भ्रष्टाचार सहित कई मुद्दों को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी देहात की ओर से जन आंदोलन किया जाएगा।

देहात के अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 6 जून को विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान सियाग ने चेतावनी दी थी कि यदि पांच दिनों के भीतर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नई मेडिसिन विंग को शुरू नहीं किया गया, अस्पताल की अन्य समस्याओं का समाधान नहीं हुआ और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच प्रारम्भ नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी पीबीएम अस्पताल के बाहर जनान्दोलन करेगी।

सियाग ने बताया कि अस्पताल प्रशासन द्वारा ज्ञापन में वर्णित समस्याओं पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और नहीं ही तो प्रशासन इन मुद्दों के प्रति गंभीर दिखाई दे रहा है। इसी कारण कांग्रेस पार्टी की ओर से गुरुवार को सुबह 10:30 बजे पीबीएम अस्पताल के प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर जनान्दोलन शुरू किया जाएगा। सियाग ने कहा कि पीबीएम अस्पताल क्षेत्र के लाखों लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में अस्पताल में व्याप्त समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सभी प्रमुख मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस पार्टी का आंदोलन जारी रहेगा।



यह रहेगी मुख्य मांगे…
-करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित नई मेडिसिन विंग को तत्काल शुरू किया जाए।
-पीबीएम अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं अव्यवस्थाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
-दवा चोरी, फर्जी भुगतान, चिकित्सा सुविधाओं की बदहाली तथा वित्तीय अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए।
-सफाई कर्मी, वार्ड बॉय, सुरक्षा कर्मी एवं कैंटीन ठेकों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच की जाए।
-नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में बेरोजगार युवाओं से रिश्वत लेकर नियुक्तियां देने के आरोपों की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
-वार्डों एवं शौचालयों में व्याप्त गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
-मरीज भर्ती से लेकर दवा खरीद तक होने वाले कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जाए।
-डॉक्टरों के फर्जी हस्ताक्षरों एवं मोहरों का उपयोग कर महंगी दवाओं की चोरी तथा फर्जी बिलों के मामलों की जांच करवाई जाए।
-कैंसर मरीजों के पीईटी स्कैन एवं हृदय रोगियों की एंजियोग्राफी से जुड़े भुगतानों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की वर्ष 2022 से अब तक की जांच करवाई जाए।
-अस्पताल में स्टेंट, सिरिंज, कैनुला, बैंडेज सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
-ट्रॉमा सेंटर, जनाना वार्ड तथा अन्य वार्डों में खराब पड़े एसी, कूलर एवं पंखों को शीघ्र ठीक कराया जाए।
-नेत्र रोग विभाग में लेंस एवं दवाओं की कमी दूर की जाए।
-पिछले आठ वर्षों से निर्मित जनाना गायनोकोलॉजी विभाग को तत्काल शुरू किया जाए।







