-शेरुणा और जामसर थाना पुलिस की अलग अलग कार्रवाई

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


शेरुणा और जामसर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत अलग अलग कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ सप्लायर सहित पांच जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ढाई सौ ग्राम अफीम और 20 किलो डोडा पोस्त जब्त किया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामले दर्ज किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि शेरुणा थाना पुलिस ने सूडसर चौकी के पास नाकाबंदी के दौरान एक लक्जरी गाड़ी को रोक कर तलाशी ली। दौराने तलाशी में गाड़ी में रखी 261 ग्राम अवैध अफीम जब्त की और गाड़ी में सवार तीन जनों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम मनोज निवासी कोटासर, केसराराम निवासी रिड़ी और राकेश निवासी राजेडू होना बताया। पुलिस ने आरोपियों के पास से फॉर्च्यूनर वाहन जब्त किया है।

इसी मामले में पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम लेन-देन के सप्लायर दिनेशकुमार निवासी गुसाईंसर बड़ा को भी गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई शेरूणा थाना प्रभारी निरीक्षक संध्या के नेतृत्व में की गई।
वहीं, जामसर थाना पुलिस ने भी ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलोग्राम डोडा पोस्त सहित एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रोही बदरासर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए मूलीकंवर पत्नी रतनसिंह निवासी रायसर हाल बदरासर को गिरफ्तार किया। आरोपी महिला से मादक पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी है।







