जिला कलेक्टर ने शोभासर जलाशय का किया निरीक्षण, पानी आने के बाद भी दो से तीन दिन तक फिल्टर होने में लगेंगे, नियमित सप्लाई 23 मई तक होने की संभावना




बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
नहरबंदी भले ही समाप्त हो गई है। लेकिन बीकानेर के वाशिंदों को नियमित रूप से पानी मिलने के लिए अभी चार दिन और इंतजार करना होगा। फिलहाल आज देर रात तक भी बीछवाल पानी पहुंचेगा, इसके बाद परसो शोभासर पहुंचेगा, मगर जो पानी आएगा, उसको फिल्टर करने में भी दो-तीन दिन लग जाएंगे। ऐसे में यह तय है कि नियमित जलापूर्ति 23 तक होने की संभावना है, क्योंकि जो पानी आएगा उसमें मिट्टी की मात्रा अधिक होने के कारण उसको फिल्टर करना होगा। उसके बाद ही वो पेयजल सप्लाई के लायक होगा। जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता खेमचंद सिंगारिया ने बताया कि जलाश्यों में पानी आने के बाद उसको साफ करना पड़ता है, ऐसे में पानी आने के दो-तीन दिन बाद ही सप्लाई नियमित की जा सकेगी। अभी एक-एक दिन के अन्तराल से होती है।
कलेक्टर ने लिया जायजा…
जिला कलेक्टर निशान्त जैन ने सोमवार सुबह जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के शोभासर जलाशय का निरीक्षण किया और यहां की व्यवस्थाओं के बारे में जाना। उन्होंने नहरबंदी के बाद शोभासर और बीछवाल जलाशय में पानी की आवक के बारे में जाना।
जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश पुरोहित ने बताया कि बीछवाल जलाशय में आज (सोमवार) रात बारह से तीन बजे के बीच पानी पहुंचने की संभावना है। वहीं शोभासर में परसों सुबह पानी आ जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डेड स्टॉक से पेयजल सप्लाई की जा रही है और अगले दो दिनों तक आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि जलदाय विभाग के अधिकारी आईजीएनपी अधिकारियों के सतत संपर्क में हैं।
बिजली भी दिखा रही आंखें…
भीषण गर्मी के दौर में नहरबंदी। इस कारण उपजे पेयजल संकट से लोग उबर ही नहीं पा रहे है। महंगे दामों में टैंकर खरीदने को मजबूर है। वहीं बूस्टर लगाने वालों की नकेल कसने के लिए विभाग के पास कोई विकल्प नहीं होने से आमजन को बिजली कटौती का दंश भी इस गर्मी में झेलना पड़ रहा है। यह कटौती अब दिन में दो से तीन बार होने लगी है।






