-भारतीय तीरदांजी टीम के कोच अनिल जोशी बोले— अब स्थानीय खिलाड़ियों को शहर में ही मिलेंगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग और सुविधाएं, खेलों में बनेगा नया पहचान केंद्र




-केन्दीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का 51 संस्थाओ की ओर से होगा नागरिक अभिनंदन
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) ने बीकानेर को बड़ा तोहफा दिया है। राजस्थान का प्रथम एक्सीलेंस सेंटर बीकानेर के महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय में खोले जाने के लिए मंजूर किया गया है।
इस आशय की जानकारी मिलते ही समूचे बीकानेर में खुशी के लहर दौड़ गई क्योंकि इस केंद्र के खुलने से खेल जगत सहित बीकानेर के व्यापार उद्योग को भी खास बढ़ावा मिलेगा। इस केंद्र को खुलवाने में सबसे बड़ा योगदान बीकानेर के सांसद व केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का रहा इसलिए आज मेघवाल को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी की ओर से जिला उद्योग संघ के सभागार में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी ने कहा कि बीकानेर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के एक्सीलेंस सेंटर की स्वीकृति पूरे संभाग के खिलाड़ियों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वर्षों से बीकानेर को ऐसे आधुनिक खेल केंद्र की आवश्यकता थी, जहां स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें। अब खिलाड़ियों को जयपुर, दिल्ली और पटियाला जैसे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि एक्सीलेंस सेंटर में आधुनिक ट्रेनिंग, विशेषज्ञ कोचिंग, स्पोर्ट्स साइंस, फिजियोथेरेपी, जिम, रिकवरी सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण उपलब्ध होंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को भी बड़ा सहारा मिलेगा और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
अनिल जोशी ने कहा कि यह सेंटर केवल खेल परिसर नहीं बल्कि बीकानेर के युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाला मंच बनेगा। यहां खिलाड़ियों को TOPS योजना, खेलो इंडिया और SAI ट्रेनिंग प्रोग्राम जैसी राष्ट्रीय योजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बीकानेर के खिलाड़ी श्याम सुंदर स्वामी का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां की मिट्टी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने की क्षमता पहले से मौजूद है।
बीकानेर की अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा बड़ा लाभ
प्रेस वार्ता में कहा गया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण शिविर होने से होटल उद्योग, परिवहन, खानपान, स्थानीय बाजार और पर्यटन क्षेत्र को सीधा फायदा मिलेगा। देशभर से खिलाड़ी और कोच बीकानेर आएंगे, जिससे शहर की पहचान खेल नगरी के रूप में भी स्थापित होगी।
नीरज चोपड़ा से मनु भाकर तक का दिया उदाहरण
तीरंदाजी कोच अनिल जोशी ने कहा कि भारतीय खेल प्राधिकरण की योजनाओं और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं ने देश को अनेक विश्व स्तरीय खिलाड़ी दिए हैं। नीरज चोपड़ा, पी. वी. सिंधु, साइना नेहवाल, बजरंग पूनिया, मनु भाकर और अभिषेक वर्मा जैसे खिलाड़ियों ने भारतीय खेल प्राधिकरण की सुविधाओं का लाभ लेकर देश का गौरव बढ़ाया है।
साथ ही उस मोके पर बीकानेर की धरती से निकले महाराजा करणी सिंह, राज्यश्री, मगन सिंह राजवी और श्याम सुंदर स्वामी जैसे खिलाड़ियों के योगदान को भी याद किया गया।
केंद्रीय मंत्रियों का जताया आभार
अनिल जोशी ने बीकानेर में SAI एक्सीलेंस सेंटर की स्वीकृति के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का विशेष आभार व्यक्त किया। साथ ही केंद्रीय खेल एवं युवा मामले मंत्री मनसुख मंडविया, भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों और खेल मंत्रालय का धन्यवाद ज्ञापित किया।
व्यापार-उद्योग को मिलेगी गति, हवाई सेवाओं का होगा विस्तार: पचीसिया
प्रेस वार्ता में जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डीपी पचीसिया ने बताया कि इस खेल केंद्र से व्यापार और उद्योग जगत को नई गति मिलेगी। आने वाले समय में बीकानेर के लिए हवाई सेवाओं की मांग भी बढ़ेगी और शहर का आर्थिक विकास तेज होगा। होटल व्यवसाय, फ़ूड उद्योग सहित सभी व्यापारियों को इस सेंटर का लाभ मिलेगा।
51 संस्थाओं की ओर से होगा केन्दीय मंत्री मेघवाल का नागरिक अभिनंदन
अंत में प्रसिद्ध उद्घोषक रविन्द्र हर्ष ने घोषणा की कि नंदलाल जोशी चेरिटेबल फाउंडेशन के बैनर तले बीकानेर की 51 संस्थाओं द्वारा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “खेलेगा बीकानेर — बढ़ेगा बीकानेर” अब केवल नारा नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की नई दिशा बनने जा रहा हैं। क्योंकि भारतीय खेल प्राधिकरण का एक्सीलेंस सेंटर अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों से ही बीकानेर में मंजूर हुआ है इसलिए हम लोग उनका नागरिक अभिनंदन भी करेंगे।






