बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।




हल्दीराम सोसाइटी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने कहा कि छात्राओं के सम्मान की यह परंपरा अनुकरणीय है। यह सम्मान इस बात का परिचायक है कि हमारी बेटियां हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने कहा कि हल्दीराम सोसाइटी के सहयोग से बीकानेर के विद्यालय शैक्षणिक उन्नयन में आदर्श स्थापित कर रहे हैं तथा छात्राओं के शानदार परिणाम उनके स्वर्णिम भविष्य की संभावनाओं को मजबूत करते हैं।
सोसाइटी के प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल ने हल्दीराम सोसाइटी के सामाजिक सरोकारों एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि सोसाइटी के अध्यक्ष मनोहर लाल अग्रवाल और सचिव रीटा कपूर की पहल, शिक्षा विभाग के सहयोग से सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं, जिससे सोसाइटी का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यह तो केवल शुरुआत है और सोसाइटी बालिका शिक्षा के उत्थान हेतु पूरी तरह समर्पित है। इससे पूर्व बीकाजी फूड्स के संस्थापक शिवरतन अग्रवाल ‘फन्ना बाबू’ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

अतिरिक्त निदेशक शैलेन्द्र देवड़ा ने हल्दीराम सोसाइटी के कार्यों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक सुनीता चावला, महेन्द्र शर्मा, स्टाफ ऑफिसर अशोक शर्मा, शिक्षा अधिकारी शिव राम चौधरी, राजेश जोशी सहित महारानी स्कूल की प्रधानाचार्य शिखा एरन, गुरुद्वारा स्कूल की प्रधानाचार्य सुमन आर्य तथा मूक-बधिर स्कूल की रेणु वर्मा मौजूद रहीं।
सोसाइटी द्वारा बोर्ड परीक्षा में 96 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली महारानी स्कूल की 7 छात्राओं तथा हल्दीराम राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरसागर की 4 छात्राओं को 11-11 हजार रुपये के चेक, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट परिणाम के लिए दोनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के अंत में परमेश्वर स्वामी ने आभार व्यक्त किया। संचालन ज्योति प्रकाश रंगा एवं विद्यालय की अध्यापिका हरविंद्र कौर ने किया।






