बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।




बीकानेर में हवाई सेवा का विस्तार की आवश्यकता जताई जा रही है। खासकर व्यापारिक दृष्टि से यह अब जरुरी है। इसको लेकर रविवार को फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान ट्रेड एंड इंडस्ट्री और बीकानेर जिला उद्योग संघ के संयुक्त तत्वावधान में हवाई सेवाओं के माध्यम से महानगरों से जोड़ने के लिए एलाइंस एअर के नेटवर्क योजना और शेड्यूलिंग प्रमुख रंजन कुमार दत्ता से चर्चा की।
फोर्टी के संभाग अध्यक्ष मनमोहन कल्याणी ने बताया कि बीकानेर से सूरत, अहमदाबाद और मुंबई के लिए हवाई सेवाओं को चालू करने की नितांत आवश्यकता है। बीकानेर की महानगरों से कनेक्टिविटी हो जाने से यहां पर बड़ी औद्योगिक इकाइयां आ सकती है। इससे शहर आथिर्क रूप से सक्षम तो होगा। साथ ही रोजगार के अवसरों का मार्ग भी प्रशस्त होगा |
बीकानेर जिला उद्योग संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि बीकानेर में गेस पाइप लाइन भी स्वीकृत हो चुकी है इससे बीकानेर में भी मोरबी की तर्ज पर बड़ी बड़ी सिरेमिक्स इकाइयां बीकानेर में निवेश को आगे आएगी।
बीकानेर पर्यटन की दृष्टि से भी काफी समृद्धशाली है यहाँ ऐतिहासिक मन्दिर, कला एवं साहित्य के ऐसे अनोखे रमणीय स्थल है जो पर्यटकों को अपनी और आकर्षित करते हैं। बीकानेर सोलर का भी काफी बड़ा हब है और कनेक्टिविटी की उपलब्धता से सोलर कंपनियों का बीकानेर में निवेश बढ़ेगा। बीकानेर जिला उद्योग संघ द्वारा बीकानेर के विकास के लिए भागीरथी प्रयास करने वाले केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल से हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए भी चर्चा की जाएगी।
उपाध्यक्ष अशोक सुराणा ने बताया कि बीकानेर एशिया की सबसे बड़ी उन मंडी है यहाँ से कारपेट बनकर देश विदेश में निर्यात किये जाते हैं। हवाई सेवा का पूर्णतया विस्तार हो जाने से आगामी समय में उद्योग, व्यापार एवं पर्यटन के क्षेत्र में बीकानेर देश के मानचित्र पर अपना नाम अंकित करेगा। इस अवसर पर श्यामसुन्दर सोनी, आलोक प्रताप सिंह, सुशील बंसल, वीरेंद्र किराडू, निर्मल पारख, मनीष नाहटा, अरविंद चौधरी, रामकरण जाजडा, विनीत आचार्य सहित एलाइंस एअर के कर्मचारी मौजूद रहे।






