बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।




आज बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है, फिर बात खेल की हो या शिक्षा की। बीकानेर की एक बेटी ने आज शहर का मान बढ़ाया है। बीकानेर इंजीनियरिंग कॉलेज की छात्रा रही डागा चौक निवासी सुरभि रंगा को उनके शोध के लिए भारत सरकार के भारतीय पेटेंट कार्यालय द्वारा उनकी रिसर्च “ए पोर्टेबल स्मार्ट मेडिकल ट्रांसपोर्ट कंटेनर एंड मॉनिटरिंग सिस्टम” के लिए 20 वर्षों का पेटेंट प्रदान किया गया है। यह क्षण पूरे परिवार के लिए गौरव का है। सुरभी रंगा डागा चौक निवासी ख्यातिनाम भजन गायक मार्केण्डेय रंगा की सुपुत्री है।
सुरभि रंगा ने इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर से बी.टेक की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्हें आईआईटी मंडी, हिमाचल प्रदेश में एम.टेक के लिए प्रवेश मिला। पिछले तीन वर्षों से वे इस विषय पर लगातार रिसर्च कर रही थीं। उनकी मेहनत और नवाचार को मान्यता देते हुए भारत सरकार ने दो दिन पूर्व उनके शोध कार्य को पेटेंट ग्रांट किया।
यह रिसर्च मेडिकल क्षेत्र में उपयोगी मानी जा रही है, जिसमें मरीजों अथवा मेडिकल सामग्री के सुरक्षित परिवहन और मॉनिटरिंग की आधुनिक व्यवस्था विकसित की गई है। सुरभि की इस उपलब्धि पर इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर परिवार, शिक्षकों और शहरवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
कॉलेज परिवार ने सुरभि की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता और समाज के लिए उपयोगी तकनीक विकसित करने का समर्पण संस्थान के लिए प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में नवाचार और शोध की भावना को दर्शाती है।
कॉलेज प्रशासन और इलेक्ट्रॉनिक्स इंस्ट्रूमेंटेशन एंड कंट्रोल इंजीनियरिंग विभाग ने सुरभि रंगा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कॉलेज से जुड़े शिक्षकों ने बताया कि सुरभि की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है तथा यह नवाचार और शोध के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी। सुरभी की उपलब्धि पर रंगा परिवार, समाज और शहर ने खुशी जताई है।






