राज्य स्तर से आई निरीक्षण टीम में ज़िले के विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण





शिक्षा विभाग व पीडब्ल्यूडी कार्यालयों का लिया जायजा, कार्मिकों की मिली बड़ी संख्या में अनुपस्थिति
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

राज्य सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय (निरीक्षण) विभाग की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई कार्यालयों में कमरे बंद मिले। कार्मिक भी अनुपस्थित मिले। खासकर शिक्षा विभाग में हालात बदतर पाए गए।
यह निरीक्षण शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित राज्य स्तरीय दल की ओर से किया गया।
निरीक्षण दल में रामस्वरूप विश्नोई (सहायक शासन सचिव), महेंद्र कुमार सरावता (अनुभाग अधिकारी), चेना राम भदाला(सहायक अनुभाग अधिकारी), वीर सिंह, तरुण कुमार मीणा (लिपिक ग्रेड-द्वितीय) सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे।
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण दल ने निदेशालय, प्रारंभिक शिक्षा, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग (अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय) में कार्मिकों की उपस्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कई विभागों में बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
शर्मा ने बताया कि निदेशालय, प्रारंभिक शिक्षा में राजपत्रित वर्ग के 86 में से 58 (67.44%) तथा अराजपत्रित वर्ग के 99 में से 67 (67.67%) कर्मचारी अनुपस्थित मिले। वहीं, निदेशालय माध्यमिक शिक्षा में राजपत्रित वर्ग के 114 में से 20 (17.54%) एवं अराजपत्रित वर्ग के 299 में से 61 (20.40%) कार्मिक अनुपस्थित पाए गए।
इसी प्रकार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय में राजपत्रित वर्ग के 42 में से 22 (52.38%) तथा अराजपत्रित वर्ग के 113 में से 53 (46.90%) कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों एवं कक्षों पर ताले लगे हुए पाए गए, जिसके कारण उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन नहीं किया जा सका।
निदेशालय, प्रारंभिक शिक्षा में बंद पाए गए कक्ष/कार्यालय:
1. निजी अनुभाग, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) – कक्ष संख्या 5
2. पुष्पा चौधरी, सहायक निदेशक– कक्ष संख्या 54
3.कैलाश आचार्य – कक्ष संख्या 54
4. कैशियर रूम
5. ललित कुमावत व माणक लाल सुथार , विभागीय जांच अनुभाग
6. राजेंद्र कुमार व्यास व चंद्र प्रकाश सिंघल – कक्ष संख्या 35
निदेशालय, माध्यमिक शिक्षा में बंद पाए गए कक्ष/कार्यालय:
1. डॉ. सोनिया शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी – कक्ष संख्या 108
2. संजय धवन, वित्तीय सलाहकार – कक्ष संख्या 118
3. ओम थानवी , लेखाधिकारी – कक्ष संख्या 119
4. सुभाष माचरा , सहायक निदेशक – कक्ष संख्या 105
शासन उप सचिव एवं अतिरिक्त निदेशक (निरीक्षण) शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कार्मिकों की अनुपस्थिति को दल ने गंभीरता से लेते हुए अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट उच्च स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी।





