-12 अप्रेल को होने वाले धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां परवान पर, समीपवर्ती गांवों में पुष्करणा समाज के लोगों से किया जा रहा है सम्पर्क, हजारों की संख्या में शामिल होगे सामाजिक बंधु



बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
विश्वशांति और सामाजिक समरसता के उद्देश्य से बीकानेर में महारुद्राभिषेक और विश्वरक्षक भैरव पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। श्रीडूंगरगढ़ निवासी देवीलाल उपाध्याय परिवार की ओर से यह अनुष्ठान ओझा सत्संग भवन में आयोजित होगा।

इस संबंध में आज देवीलाल उपाध्याय ने पत्रकारों के समक्ष विस्तार से इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि विश्व शांति और मानवीय कल्याण के उद्देश्य से पुष्करणा समाज के लोगों का यह एक भव्य कार्यक्रम है। इसमें 12 अप्रेल को सुबह सात बजे से रुद्राभिषेक शुरू होगा। इसमें 11 वेदपाठी आचार्यों के नेतृत्व में विद्वान पंड़ित मंत्रोचार के साथ रुद्राभिषेक करेंगे।
होगा विश्वरक्षक भैरव पूजन…
उपाध्याय ने बताया कि विश्व में शांति कायम रहे, इसके लिए भवन परिसर में भी विश्वरक्षक भैरव बाबा का पूजन किया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 11 बजे से महाप्रसाद का आयोजन शुरू होगा। यह रात तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान में भागीदारी निभाने के लिए बीकानेर सहित नापासर, बज्जू, कोलायत, शोभासर, श्रीडूंगरगढ़, चूरू, सरदारशहर सहित आसपास के गांवों में पुष्करणा समाज के बंधुओं से सम्पर्क साधा गया है।
उपाध्याय ने दावा किया है कि कार्यक्रम में करीब 15 से 20 हजार पुष्करणा समाज के लोग शामिल होंगे। श्याम देराश्री ने बताया कि आसपास के गांवों और बीकानेर में अलग-अलग टीमें सम्पर्क के लिए सक्रियता से जुटी है। इस मौके पर आयोजन के निमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
प्रेसवार्ता में कमल कल्ला ने कहा कि यह समाज की एक सकारात्मक पहल है। ऐसे आयोजन हमेशा से ही प्रेरणा बनते आए हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। प्रेस वार्ता में हीरालाल हर्ष, रमेश पुरोहित,श्याम रंगा ने भी विचार रखें। वहीं पंड़ित जुगल किशोर ओझा (पुजारी बाबा) ने आभार जताते हुए आयोजन की सराहना की। इस दौरान बबला महाराज, केके छंगाणी और राजू जोशी भी प्रेसवार्ता में मौजूद रहे।






