आस्था : धींगा गणगौर माता पूजन की पूर्णाहुति, महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि - Nidar India

आस्था : धींगा गणगौर माता पूजन की पूर्णाहुति, महिलाओं ने मांगी सुख-समृद्धि

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 
शहर में धींगा गणगौर माता के पारंपरिक पूजन की आज विधिवत पूर्णाहुति हुई। पिछले एक पखवाड़े से चल रहे इस धार्मिक अनुष्ठान में महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।

अंतिम दिन घर-घर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने दीवारों पर धींगा गणगौर माता की सुंदर आकृतियां उकेरकर उन्हें सजाया और विधिपूर्वक पूजन किया।
पूजन के दौरान महिलाओं ने माता के समक्ष नारियल, बताशे और चूरमा का भोग अर्पित किया। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर कई घरों में पारंपरिक गीत भी गाए गए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।


धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धींगा गणगौर का पूजन विशेष रूप से महिलाओं द्वारा किया जाता है, जिसमें वे अपने परिवार की उन्नति और सुख-शांति के लिए माता की आराधना करती हैं। इस पर्व के दौरान महिलाएं प्रतिदिन पूजन कर विशेष नियमों का पालन करती हैं और अंतिम दिन विधिवत पूजा कर अनुष्ठान की पूर्णाहुति करती हैं।


शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस अवसर पर विशेष रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर समूह में भी पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस प्रकार धार्मिक आस्था और परंपरा के संगम के साथ धींगा गणगौर पूजन का यह पर्व हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

जीया भवन के आगे गूंजे गणगौर के गीत…

लालीमाई पार्क के समीप स्थित जीया भवन के आगे चल रहे धींगा गणगौर माता महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को गणगौर गीतों से माहौल भक्तिमय हो गया। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन की पूर्णाहुति सोमवार को होगी। आयोजकों ने बताया कि अंतिम दिन महिलाएं गीत-संगती की प्रस्तुतियां देंगी। रविवार को पुरुष मंडली ने गणगौर के एक से बढ़कर एक भजन सुनाकर सभी को मंत्रमुग्द कर दिया।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *