रामीदेवी रामनारायण राठी राजकीय बालिका सैनिक स्कूल जयमलसर, बीकानेर और महाराव शेखाजी राजकीय बालिका सैनिक स्कूल मोहनपुरा, सीकर में (सत्र 2026-27) विभिन्न पदों पर प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित


बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, बीकानेर द्वारा सत्र 2026-27 से संचालित होने वाले दो राजकीय बालिका सैनिक स्कूलों में विभिन्न पदों के लिये प्रतिनियुक्ति के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किये हैं।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार रामीदेवी रामनारायण राठी राजकीय बालिका सैनिक स्कूल जयमलसर, बीकानेर एवं महाराव शेखाजी राजकीय बालिका सैनिक स्कूल मोहनपुरा, सीकर में विभागीय शिक्षकों एवं कार्मिकों से प्रतिनियुक्ति के आधार पर आवेदन मांगे गए हैं।
आदेशानुसार विभिन्न पदों पर आवेदन आमंत्रित किये गये हैं, इनमें वरिष्ठ अध्यापक, अध्यापक लेवल-2, अध्यापक लेवल-1, वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक, पुस्तकालयध्यक्ष ग्रेड-3, शारीरिक शिक्षा अध्यापक, वरिष्ठ सहायक, प्रयोगशाला सहायक, कनिष्ठ सहायक पद शामिल हैं।
18 मार्च तक कर सकेंगें आवेदन
इन पदों के लिये इच्छुक विभागीय शिक्षक और कर्मचारी 14 से 18 मार्च 2026 तक शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगें। चयन प्रक्रिया मेरिट/साक्षात्कार के आधार पर की जाएगी।
अंग्रेजी माध्यम में शैक्षणिक योग्यता धारक आवेदक को प्राथमिकता
आवेदक कक्षा 6 से 12 में अंग्रेजी माध्यम में शैक्षणिक योग्यता धारक हो एवं अंग्रेजी माध्यम में धाराप्रवाह पढ़ाने व बोलने की योग्यता रखता हो, को चयन में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। हिन्दी व संस्कृत विषय के आवेदकों के लिए यह बाध्यता नहीं है, लेकिन कक्षा 6 से 12 में अंग्रेजी माध्यम में शैक्षणिक योग्यता धारक को प्राथमिकता दी जाएगी।
बालिका सैनिक स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी। नवीन सत्र 2026-27 में केवल कक्षा 6 प्रारंभ की जाएगी। इसमें 80 बालिकाओं को ही प्रवेश दिया जावेगा।
प्रतिनियुक्ति पर होगा चयन
इन पदों पर चयनित शिक्षकों और कार्मिकों को प्रारंभिक रूप से 3 वर्ष की अवधि के लिये प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त किया जाएगा। उनके कार्य प्रदर्शन की वार्षिक समीक्षा की जाएगी।
जिला स्तर पर होगा चयन
विभागीय निर्देशों के अनुसार आवेदन के बाद पात्र अभ्यर्थियों का चयन एवं पदस्थापन नियमानुसार किया जाएगा। चयनितों को जयमलसर(बीकानेर) और मोहनपुरा(सीकर) स्थित राजकीय बालिका सैनिक स्कूलों में पदस्थापित किया जाएगा।



