जयपुर,निडर इंडिया न्यूज।


राजधानी में चोर चांदी कूट रहे है। ताजा मामला ऑफिसर्स ट्रेनिंग स्कूल (ओटीएस) का सामने आया है। इसमें पब्लिकेशन ऑफिसर के घर से 50 तोला सोने की ज्वेलरी पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया। पीड़ित ने जब संदिग्धों को तंत्र-मंत्र का डर दिखाया तो 15 दिन बाद 35 तोला सोने के जेवर पर्स में डालकर घर के पीछे लॉन में वापस फेंक गए।

जानकारी के अनुसार पब्लिकेशन ऑफिसर डॉ. अमृत कौर 25 अक्टूबर को घर से बाहर गई हुई थीं। दोपहर वह घर लौटीं, तो अंदर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था, अलमारी में रखी 50 तोला सोने की ज्वेलरी और करीब 50 हजार रुपए नकद चोरी हो चुके थे। उन्होंने गांधी नगर थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों की तलाश में जुटी।

शक के आधार पर पुलिस ने ओटीएस में सफाई करने वाले 3 लोगों को डिटेन किया और शनिवार (9 नवंबर) को थाने लेकर आई। इसी दौरान अमृत कौर भी थाने पहुंचीं। उन्होंने चोरों को डराने के लिए कह दिया है कि वह तंत्र-मंत्र से जान चुकी है कि चोर कौन है। उसका चेहरा वह जानती है। इससे डिटेन किए हुए तीनों लोग काफी डर गए। बाद में पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। अगले दिन रविवार (10 नवंबर) को सुबह अमृत कौर को उनके गार्डन में एक पर्स मिला। पर्स में 35 तोला सोने की ज्वेलरी थी।



गांधीनगर सीआई के अनुसार सफाई कर्मचारियों से रात 10 बजे तक पूछताछ की। इसके बाद रविवार सुबह 9 बजे गार्डन में एक पर्स मिला, जिसमें करीब 35 तोला सोने के जेवर थे। इसकी सूचना अमृत कौर ने दी तो गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सामान खंगाला तो पर्स में सोने की 2 चेन, 2 मंगल सूत्र, रखड़ी, सोने की 6 अंगूठी, डायमंड सेट, सोने की चूड़ियां, टॉप्स, गले का हार और चांदी के कड़े मिल गए। इन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है। शनिवार को जिन तीनों सफाई कर्मचारियों से पूछताछ की गई थी, अब उनसे दोबारा पूछताछ होगी।







