बीकानेरNidarindia.com
स्वास्थ्य विभाग में इन दिनों एक्शन में है। सीएमएचओ लगातार अस्पतालों का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान कई अस्पतालों में कार्मिक, चिकित्सक भी नदारद मिल रहे हैं। जिन पर नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।




गुरुवार को जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि के निर्देश पर जिला स्तर पर गठित 5 टीमों ने एस्पिरेशनल ब्लॉक कोलायत में विशेष सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। इसके तहत समस्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,आयुष्मान आरोग्य मंदिर और उप जिला चिकित्सालय कोलायत का निरीक्षण किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.राजेश कुमार गुप्ता ने उप जिला चिकित्सालय कोलायत, सीएचसी गजनेर व उपकेन्द्र चानी का निरीक्षण किया गया।

इस दौरान कोलायत अस्पताल में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी सहित 4 चिकित्सा अधिकारी, 2 आयुष चिकित्सा अधिकारी व 6 अन्य कार्मिक स्वेच्छा से अनुपस्थित पाए गए जिन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। मेडिकल कॉलेज की और से लगाए गए 12 रेजीडेंट चिकित्सक ड्यूटी रोस्टर अनुसार उपस्थित मिले। संस्थान पर सफाई व्यवस्था ठीक थी। डॉ.गुप्ता ने कोल्ड चैन निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त डीप फ्रीजर को बीकानेर मुख्यालय पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में उनके साथ ब्लॉक सीएमओ कोलायत डॉ.सुनील जैन व ब्लाक कार्यक्रम अधिकारी अल्ताफ हुसैन मौजूद रहे। एमसीएचएन सत्र का निरीक्षण किया, लू एवं तापाघात रोगियों के लिए आरक्षित हीट वेव वार्ड निरीक्षण कर समस्त एयर कंडीशनर को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। मौसमी बीमारियों की समीक्षा कर पॉजिटिव केस की सूचना प्राप्त होने पर तुरंत फॉलो अप करने के निर्देश दिए।
कार्यवाहक प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ.वंदना ने गर्भवती महिलाओं की प्रत्येक माह के चारों गुरुवार सोनोग्राफी सुविधा हेतु सोनोलॉजिस्ट लगाने की मांग पर डॉ गुप्ता ने इसी हफ्ते आदेश करने का आश्वासन दिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की और से हीट वेव, मौसमी बीमारियों, मातृ शिशु स्वास्थ्य और साफ सफाई जैसे बिंदुओं पर चेक लिस्ट अनुसार निरीक्षण किया गया व मौके पर ही आवश्यक सुधार करवाए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर के निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था ठीक पाई गई। लैब में तकनीकी कर्मचारी से एक्टिव रक्त पट्टीका का संचयन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। मौसमी बीमारियों को देखते हुए हाउस टू हाउस विजिट नियम अनुसार करने के लिए जोर दिया गया। सेक्टर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर एमसीएचएन सत्र का भी निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त सीएमएचओ की और से उप स्वास्थ्य केंद्र चानी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा गया व आवश्यक निर्देश दिए गए।
सभी जिला स्तरीय अधिकारी पहुंचे कोलायत…
एस्पिरेशनल ब्लॉक के विशेष सघन निरीक्षण अभियान के अंतर्गत डिप्टी सीएमएचओ परिवार कल्याण डॉ.योगेंद्र तनेजा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गडियाला, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिरिराजसर, नगरासर, स्वास्थ्य कल्याण केंद्र ग्रांधी तथा कोलासर का निरीक्षण किया गया।
यहां उन्होंने हीट वेव को लेकर तैयारियां, साफ-सफाई, राष्ट्रीय कार्यक्रमों और परिवार कल्याण कार्यक्रम की प्रगति संबंधी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला ड्रग वेयर हाउस प्रभारी डॉ.नवल किशोर गुप्ता, एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह राठौर तथा जिला कार्यक्रम समन्वयक पीसीपीएनडीटी महेंद्र सिंह चारण की और से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हदा, दियातरा तथा पीएचसी झझूू का निरीक्षण किया गया।
जहां कमोबेश सभी व्यवस्थाएं सही पाई गई। जिला टीबी अधिकारी डॉ.सी एस मोदी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बज्जू और स्वास्थ्य कल्याण केंद्र मिठडिया का और जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशील कुमार ने पीएचसी दासोड़ी का निरीक्षण किया। सभी अधिकारियों की और से तय चेकलिस्ट अनुसार निरीक्षण कर मिली कमियों को सुधारा गया तथा सीएमएचओ को रिपोर्ट प्रस्तुत की गई।






