ऑपरेशन के दौरान रेंज के अधीनस्थ चारों जिलों में 1020 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 273 टीमों ने कुल 1034 स्थानों पर दबिश दी। इस अभियान के दौरान कुल 412 अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही की गई।




बीकानेरNidarindia.com
वांछित अपराधियों के नकेल कसने के लिए पुलिस सख्ती कर रही है।
बीकानेर रेंज में वांछित अपराधियों और असामाजिक तत्वों को सबक सिखाने के लिए शुक्रवार को एक दिवसीय अभियान चलाया गया।
महानिदेशक पुलिस, राजस्थान के निर्देशन और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, अपराध शाखा, राजस्थान जयपुर के पर्यवेक्षण में बीकानेर रेंज के अधीनस्थ बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व अनूपगढ़ में सक्रिय व वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए यह कार्रवाई की गई।

महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज, बीकानेर ओम प्रकाश ने बताया कि रेंज के समस्त जिला पुलिस अधीक्षक को थानावार और ग्रामवार अपराधियों की सूचियां तैयार करने एवं उनकी धरपकड़ के लिए विभिन्न टीमें गठित करने के निर्देश दिए गए। सभी जिला पुलिस अधीक्षक से समन्वय स्थापित कर वांछित व सक्रिय अपराधियों की सूची और रेड टीमें, रूट तैयार कर उन्हें अन्तिम रूप दिया गया। विशेष अभियान में अधिकतम पुलिसकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई और समस्त थानों, ऑफिस, पुलिस लाईन, क्यूआरटी, आरएसी आदि को नियोजित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की और से स्वयं टीमों को ब्रीफ कर रवाना किया गया।

इस ऑपरेशन के दौरान रेंज के अधीनस्थ चारों जिलों में 1020 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 273 टीमों ने कुल 1034 स्थानों पर दबिश दी। इस अभियान के दौरान कुल 412 अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही की गई। इनमें से 107 स्थाई वारन्टी, उद्घोषित अपराधी,मफरूर गिरफ्तारी वारन्टी में वान्छित अपराधी पकड़े गए। वहीं 224 से अधिक ऐसे अपराधियों का गिरफ्तार किया गया जो सार्वजनिक स्थानों पर झगड़ा,लोक शांति भंग करते, शराब के नशे में आवागमन में व्यवधान पैदा करते और नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ 06 प्रकरण दर्ज किए गए और 04 अपराधी गिरफ्तार किए गए। इनके कब्जा से एक एमएलगन, एक अवैध देशी कट्टा व 04 धारदार हथियार जब्त किए गए।
अवैध शराब के खिलाफ…
26 प्रकरण अवैध शराब का धंधा करने वालों के खिलाफ दर्ज किए गए, जिनमें 22 अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जा से 76.3 लीटर देशी शराब, 98 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। इसी दौरान 09 प्रकरण एनडीपीएस एक्ट के दर्ज किया गया गया, जिसमें गिरफ्तार 12 अपराधियों के कब्जा से 83.25 किलोग्राम डोडा पोस्त, 400 ग्राम अफीम, 43 ग्राम चिट्टा, 9.5 किग्रा गांजा 01 कार जप्त की गई।
इसके अलावा यह भी कार्रवाई…
02 हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया,
जघन्य अपराधों में वान्छित 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य विभिन्न प्रकरणों में कुल 17 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। जिला अनूपगढ़ में पुलिस थाना समेजा कोठी पुलिस द्वारा एक कार से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जा से 25 किलोग्राम डोडापोस्त जप्त किया गया। हनुमानगढ़ में पुलिस थाना संगरिया पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जा से 22 किलोग्राम डोडा पोस्त जप्त किया गया।






