बीकानेर में इतने परिवार उठा सकेंगे फायदा, पढ़े पूरी खबर…
बीकानेरNidarindia.com मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना 15 अगस्त से शुरू होगी। प्रत्येक उचित मूल्य दुकान पर महंगाई राहत कैंप में पंजीकृत उचित मूल्य की दुकान की सबसे वृद्ध महिला लाभार्थी ध्वजारोहण कर इसका शुभारंभ करेगी। इसके लिए वृद्ध महिला लाभार्थी का चयन 10 अगस्त से पहलेे किया जाएगा। जिले में इस योजना के लिए २ लाख ८३ हजार परिवार चयनित है। सरकार की महत्ती योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। इसके लिए क्षेत्रवार नोडल अधिकारी और सहनोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।




जिले में इतने पात्र…
अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना का लाभ उन्हें ही मिलेगा, जो खाद्य सुरक्षा योजना में चयनित है। जिला रसद अधिकारी भागुराम के अनुसार बीकानेर जिले में 2 लाख 83 हजार परिवारों का महंगाई राहत शिविरों में पंजीयन हुआ था, इन परिवारों को हर माह यह फूड पैकेट राशन विक्रेताओं के माध्यम से दिए जाएंगे।
पैकेट में यह होगी सामग्री…
योजना के तहत चयनित परिवारों को दिए जाने वाले प्रत्येक पैकेट में 1 किलो चना दाल, एक किलो नमक, एक किलो चीनी, एक लीटर खाद्य तेल, 100 ग्राम धनिया, 100 ग्राम मिर्ची, 50 ग्राम हल्दी मिलेगी।
नोडल अधिकारी नियुक्त…
बीकानेर में जिला कलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने इस संबंध में मंगलवार को आदेश जारी कर नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम आयुक्त को नोडल और उपायुक्त को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित उपखंड अधिकारी नोडल एवं संबंधित विकास अधिकारी सह-नोडल, नगरपालिका क्षेत्रों में उपखंड अधिकारी को नोडल एवं अधिशासी अधिकारी को सह-नोडल नियुक्त किया गया है।
डिपो होल्डरों में रोष…
एक तरफ सरकार निशुल्क फूड पैकेट योजना शुरू करने जा रही है। इसको वितरण राशन डिपो के माध्यम से कराया जाना है, तो दूसरी ओर प्रदेेशभर के डिपो होल्डर कमीशन कम होने की बात को लेकर खफा है। हड़ताल पर उतरे डिपो होल्डर इस योजना से अभी नहीं जुड़े। राशन विक्रेता संघ के प्र्रदेश उपाध्यक्ष घनश्याम आचार्य ने रोष जताते हुए कहा कि सरकार योजना का प्रचार प्रसार करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च करने पर आमादा है। लेकिन राशन विक्रेताओं की जायज मांग मानने को तैयार नहीं है। राशन विक्रेताओं की माने तो सरकार ने एक पैकेट पर चार रुपए का कमीशन निर्धारित कर रखा है, डिपो होल्डर इसे बढ़ाकर 30 रुपए की मांग उठा रहे हैं, मगर सरकार सुनवाई नहीं कर रही है।
कलक्टर ने दिए निर्देश…
योजना के शुभारंभ को लेकर जिला कलक्टर ने सभी अधिकारी अपने.अपने क्षेत्र की उचित मूल्य दुकानों में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद रखने के निर्देश जारी किए है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्त उचित मूल्य दुकानों पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नि:शुल्क अन्नपूर्णा पूर्ण पैकेट योजना का शुभारंभ किया जाएगा। ध्वजारोहण के समय राष्ट्रीय ध्वज संहिता की पालना सुनिश्चित करनी होगी। जिला कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री निशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए योजना और उद्घाटन कार्यक्रम का प्रचार प्रसार किया जाए। प्रत्येक उचित मूल्य की दुकान पर निर्धारित सजावट 14 अगस्त तक सुनिश्चित कर ली जाए।






