फ्रांस के प्रधानमंत्री ज्यां कास्तेक्स ने पिछले महीने मध्यमार्गी इमैनुएल मैक्रों के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के बाद अपेक्षित कदम के तहत सोमवार को इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोमवार को एलिज़ाबेथ बोर्न को देश की नई प्रधानमंत्री नियुक्त किया, जो तीन दशकों में यह पद संभालने वाली पहली महिला होंगी। यानी की 30 साल में दूसरी बार किसी महिला को फ्रांस का प्रधानमंत्री बनाया गया है। बता दें, इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय एलिसी ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री जीन कास्टेक्स औपचारिक रूप से अपना इस्तीफा देने के लिए सोमवार को राष्ट्रपति भवन आए, जिसे राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया।

फ्रांसीसी मीडिया में आई खबरों में पहले ही कहा गया था कि श्रम मंत्री एलिसाबेथ बोर्न इस पद के लिए मैक्रों की पसंद हैं। फ्रांस में किसी राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान एक से अधिक प्रधानमंत्री का नियुक्त होना आम बात है। बता दें, एलिसाबेथ बोर्न ने 2020 के आसपास मैक्रों की पिछली सरकार में श्रम मंत्री के रूप में भी काम किया है।
इससे पहले, बोर्न परिवहन मंत्री थीं और बाद में मैक्रों के तहत पर्यावरण संक्रमण मंत्री भी थीं। अब नए प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद उनका पहला कार्य यह सुनिश्चित करना होगा कि जून में फ्रांस के संसदीय चुनाव में मैक्रों की मध्यमार्गी पार्टी और उसके सहयोगी अच्छा प्रदर्शन करें। राष्ट्रपति मैक्रों और नई प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न आने वाले दिनों में फ्रांस की पूर्ण नई सरकार नियुक्त के लिए बातचीत करेंगे।





