आस्था : जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे रामदेव बाल मंडल कोलकाता के सदस्य, रुणिचा धाम तक जा रहे पैदल, खिदरत से आगे पहुंचे, एक मार्च को रुणिचा में मनाएंगे फूलों की होली…

बीकानेरNidarIndia.com हाथों में ध्वजाएं। करतल ध्वनि में लोक देवता बाबा रामदेव के जयकारे। अटूट आस्था और श्रद्धा भाव, भक्ति के साथ गुणगान करते हुए पूरे उत्साह के साथ रामदेव बाल मंडल कोलकाता के तत्वावधान में पैदल जातरुओं के जत्थे ने रविवार को बड़ा पड़ाव पार कर लिया।

बीकानेर से २३ फरवरी को रवाना हुए जातरुओं का यह जत्था खिदरत से आगे निकल गया। सोमवार की सुबह बाप पहुंच जाएगा। शनिवार को छनेरी गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप स्थित बाबा रामदेवजी के प्राचीन मंदिर में विश्राम के बाद बाबा को धोक लगाकर आगे की यात्रा शुरू की थी।

पूरे उत्साह के साथ बढ़ रहे…

रामदेव बाल मंडल कोलकता के पैदल यात्री जत्थे में श्रद्धा के साथ जा रहे जातरू पूरे उत्साह, जोश और आस्था के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इसमें महिला जातरू है, तो छोटे बच्चें भी पूरे मनोयोग के साथ पैदल जा रहे हैं। पद यात्रियों का जत्था ‘बोल ध्वजाबंदधारी ने खम्मा, बाबा थारी जय बोलेंगे…सरीखे जयकारों के साथ निकलते हैं, तो पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है।

भादव माह में तो हर साल मेला भरता है, तो लाखों की तादाद में श्रद्धालु देशभर से बाबा के धोक लगाने के लिए जाते हैं, लेकिन माघ माह में रामदेव बाल मंडल कोलकाता का संघ बीते डेढ़ दशक से ज्यादा समय से पैदल जा रहा है। इस बार संघ में ६०-६५ सदस्य है, इसमें बड़ी संख्या में कोलकाता से आए सदस्य शामिल है, शेष बीकानेर व आसपास के है।

बाबा की भक्ति खींच लाती है…


शनिवार को राष्ट्रीय राज मार्ग पर छनेरी गांव में निडर इंडिया की टीम ने पद यात्रियों की कुशलछेम पूछी तो, श्रद्धालुओं ने बताया कि लोक देवता बाबा रामदेवजी में उनकी अटूट आस्था है, उनकी भक्ति ही है, जो हर साल खींच लाती है। मंडल के सचिव बिमल केडिय़ा ने बताया कि बाबा की मेहरबानी से सभी जातरू कुशलमंगल है।

एक मार्च को फूलों की होली…

मंडल संरक्षक जेठमल रंगा ने बताया कि रामदेवरा में एक मार्च को फूलों की होली का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन रात्रि को भक्ति संगीत संध्या होगी। इसमें कोलकाता के कलाकार बाबा का गुणगान करेंगे।

By-Ramesh Bissa, Nidar India news 

Share your love
Facebook
Twitter

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *