बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

बार एसोसिएशन बीकानेर के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। राजस्थान में पहली बार एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल एप का शुभारंभ नवीन न्यायालय भवन स्थित लाइब्रेरी हॉल में जिला एवं सेशन न्यायाधीश और राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य कुलदीप शर्मा के कर-कमलों से किया गया।

इस अवसर पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि बार एसोसिएशन बीकानेर राजस्थान की प्रथम बार एसोसिएशन है, जिसने अपने सदस्यों की सुविधा और संगठन के कार्यों को डिजिटल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से आधिकारिक वेबसाइट एवं मोबाइल एप की शुरुआत की है।
यह पहल अधिवक्ताओं को तकनीक से जोड़ने तथा बार एसोसिएशन के कार्यों में पारदर्शिता, सुगमता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
राजस्थान बार काउंसिल के सदस्य कुलदीप शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बार एसोसिएशन बीकानेर एवं अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित की ओर से किए गए प्रयास सराहनीय हैं। वर्तमान समय में अधिवक्ताओं के लिए इस प्रकार की ऑनलाइन सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। इससे अन्य बार एसोसिएशनों को भी इससे प्रेरणा लेनी चाहिए।
जिला एवं सेशन न्यायाधीश, बीकानेर ने अपने उद्बोधन में इस डिजिटल पहल की सराहना करते हुए कहा कि न्यायिक व्यवस्था एवं अधिवक्ता समुदाय के कार्यों में तकनीक का उपयोग समय की आवश्यकता है। इस प्रकार की सुविधाओं से अधिवक्ताओं को अपने कार्यों के निष्पादन में सुविधा मिलेगी और संगठन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनेगी।
बार एसोसिएशन की इस नवीन वेबसाइट और मोबाइल एप का तकनीकी विकास VSS Technosys Pvt. Ltd. द्वारा किया गया है। इस परियोजना के विकास में कंपनी की ओर से वैभव पानिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बार एसोसिएशन ने तकनीकी सहयोग एवं सफल क्रियान्वयन के लिए कंपनी तथा वैभव पानिया का आभार व्यक्त किया।
कर सकेंगे ऑन लाइन काम
नई वेबसाइट एवं मोबाइल एप के माध्यम से अधिवक्तागण ऑनलाइन सदस्यता शुल्क जमा कर सकेंगे, घोषणा पत्र (Declaration) ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकेंगे तथा अपनी सदस्यता से संबंधित जानकारी एवं निर्देशिका प्राप्त कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त बार एसोसिएशन द्वारा जारी सूचनाएं, नोटिस, महत्वपूर्ण घोषणाएं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध रहेगी। इस सुविधा का उपयोग मोबाइल फोन एवं कंप्यूटर दोनों के माध्यम से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लेखराम खत्रीवाल, कोषाध्यक्ष सुधीर श्रीमाली सहित वरिष्ठ अधिवक्ता करण सिंह, सुरेंद्र पाल शर्मा, संजय गौतम, ओमप्रकाश हर्ष, विजयपाल राठौड़, मनोज भावटिया, चतुर्भुज सारस्वत एवं सुरदेव व्यास सहित अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।





