टेंट में बैठ कर लोगों को कचरा व गोबर क्षेत्र में नहीं डालने के लिए किया जागरूक

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
स्वच्छ भारत मिशन को गति देने और क्षेत्र में कचरे तथा गोबर के ढेर नहीं लगाने के लिए वार्ड 37 के बाशिंदों की ओर से चलाए जा रहे जनजागृति अभियान का समापन पैदल मार्च के साथ हुआ। भाजपा के जिला महामंत्री और पार्षद श्यामसिंह हाडला की अगुवाई में इस अभियान के तहत वार्ड 37 के पास स्थित सरकारी लाल क्वार्टर के सामने टेंट लगा कर वार्ड के बाशिंदों ने शांतिपूर्ण तरीके से पशुपालकों को क्षेत्र में कचरे तथा गोबर के ढेर नहीं लगाने के लिए जागरूक किया।
बुधवार शाम को क्षेत्रवासियों की ओर से लाल क्वार्टर के सामने मुख्य सड़क पर पैदल मार्च निकाल कर पशुपालकों और अन्य लोगों को कचरा और गोबर नहीं डाले जाने का आह्वान किया गया।
अभियान में मुख्य रूप से कालूसिंह चौहान, मालमसिंह मंगलिया, रमेश सैनी, भेरूसिंह रेडा, सजनसिंह, अनिल शर्मा, जितेश गौड़, डूंगरसिंह सिसोदिया, रामलाल नायक, कर्मजीत सिंह ढिल्लों, धीरजसिंह बडगुजर, नरपत सिंह, मनोज जग्गा, नरेंद्र गौड़, करणपाल, भारतभूषण मिश्रा, राकेश बजाज, भूपेंद्र तिवारी, आशुतोष सिंह, राहुल, प्रदीपसिंह, विक्रमसिंह, भागीरथ सिंह, आशा शर्मा और कृष्णा महेश्वरी सहित कई लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
नासूर बनी सड़क और पशुपालकों की मनमानी

अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्य मार्ग पर हो रही गंदगी को लेकर गहरी चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सड़क पर डाले जा रहे कचरे और गोबर के कारण यह मार्ग अब पूरे वार्ड के लिए एक नासूर बन गया है। आरोप है कि ज्यादातर पशुपालक आधी सड़क पर गोबर डालकर रास्ता अवरुद्ध कर देते हैं। कई बार समझाइश के बावजूद जब पशुपालक नहीं माने, तो अब स्थानीय लोगों ने अभियान चलाकर लोगों और पशुपालकों को समझाया।
वार्डवासियों ने पैदल मार्च कर स्पष्ट संदेश दिया है कि अब क्षेत्र में जगह-जगह गोबर और कचरा न डालने दिया जाएगा। सभी ने मिलकर यह ठाना है कि हर हाल में क्षेत्र (सुभाषपुरा, भुट्टो का बास और अमरसिंहपुरा) को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। पार्षद सहित क्षेत्र के मौजिज लोगों ने अमरसिंहपुरा, भुट्टो का बास व सुभाषपुरा के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बढ़-चढ़कर क्षेत्र को स्वच्छ रखने में अपना सहयोग दें।





