बीकानेर : पंचायत समितियों के कुल 60 सदस्यों के निर्वाचन की लोकसूचना गुरुवार को होगी जारी

जिला परिषद के 41 सदस्यों व पहले चरण की चार पंचायत समिति के 60 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए गुरुवार को शुरू होगी नाम निर्देशन प्रक्रिया

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

पंचायत राज आम चुनाव: 2026 के तहत जिला परिषद के 41 सदस्यों और राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित पहले चरण के अनुसार खाजूवाला, रुणिया, पूगल और छत्तरगढ़ पंचायत समितियों के कुल 60 सदस्यों के निर्वाचन की लोकसूचना गुरुवार को जारी होगी। इसके साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी, जो 13 अक्टूबर तक चलेगी।

बीकानेर जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 1 से 14 तक के लिए नाम निर्देशन पत्र सहायक रिटर्निंग अधिकारी और उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू द्वारा अतिरिक्त जिला कलक्टर न्यायालय इजलास में, वार्ड संख्या 15 से 28 तक के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण सचिव तथा सहायक रिटर्निंग अधिकारी  हमेन्द्र नागर द्वारा विकास प्राधिकरण बीकानेर के नए भवन में तथा वार्ड संख्या 29 से 41 तक के नाम निर्देशन पत्र राजूवास के कुलसचिव और सहायक रिटर्निंग अधिकारी  पंकज शर्मा द्वारा विकास प्राधिकरण के पुराने भवन में प्राप्त किए जाएंगे। आवेदन पत्र प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक लिए जाएंगे।

इसी प्रकार पंचायत समिति खाजूवाला के लिए उपखण्ड अधिकारी खाजूवाला और रिटर्निंग अधिकारी  प्रभजोत सिंह गिल द्वारा उपखण्ड अधिकारी कार्यालय खाजूवाला में, रुणिया के लिए विशेषाधिकारी निर्वाचन शाखा तथा रिटर्निंग अधिकारी स्वाति शर्मा द्वारा सहायक बीकानेर स्थित कृषि अधिकारी कार्यालय के हॉल नम्बर-एक में, पूगल के लिए उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पूगल में उपखण्ड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी सत्यनारायण सुथार द्वारा तथा छत्तरगढ़ के लिए उपखण्ड अधिकारी कार्यालय छत्तरगढ़ में उपखण्ड अधिकारी तथा रिटर्निंग अधिकारी पवन कुमार द्वारा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जाएंगे। यह आवेदन पत्र भी प्रातः 11 से दोपहर 3 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।

जिला परिषद एवं पहले चरण की पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नाम निर्देशन पत्र 8 से 13 अक्टूबर (मंगलवार) दोपहर 3 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं किए जाएंगे। प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 14 अक्टूबर (बुधवार) को प्रातः 11 बजे से की जाएगी। नाम वापसी 15 अक्टूबर (गुरूवार) को दोपहर 3 बजे तक होगी। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *