विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ, नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के लिए जन चेतना दिवस आयोजित

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

समाज कल्याण सप्ताह-2026 के तहत मंगलवार को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन में जागरूकता लाने के उद्देश्य से जन चेतना दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला नशा मुक्ति केन्द्र की ओर से शिव प्रताप बजाज महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, उदयरामसर में विद्यार्थियों के समक्ष नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग मनोज कुमार गहलोत, सहायक प्रशासनिक अधिकारी इनायत हुसैन, नशा मुक्ति केन्द्र की काउंसलर  रेखा सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

इसी क्रम में जिला नशा मुक्ति केन्द्र, वल्लभ गार्डन में केन्द्र में प्रवेशित व्यक्तियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा नशे से मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केन्द्र, दांतोर द्वारा भी आमजन के साथ जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का संदेश दिया गया। केन्द्र में प्रवेशित व्यक्तियों की काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के संबंध में जागरूक किया गया।

इसी क्रम में विभाग के राजकीय छात्रावासों में भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता के संबंध में पोस्टर प्रतियोगिता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से नशे से होने वाले नुकसान तथा नशा मुक्त समाज के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत ने बताया कि कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।

Share your love
Facebook
Twitter

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *