बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
शहर में सफाई व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। आने वाले दिनों में त्योहार का सीजन है, शहर में कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हैं। हालात यह है कि पार्षदों से लेकर विधायक तक नगर निगम के आला अफसरों से सफाई व्यवस्था माकूल करने के लिए बार-बार मांग कर रहे हैं, इसके बावजूद निगम प्रशासन के कान पर जू नहीं रेंग रही है। उपजी स्थितियों को देखते हुए आज पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास के नेतृत्व में महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह और पार्षद साथियों ने शहर की सफाई व्यवस्था सहित महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों को लेकर आज आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास एवं नागरिक-केंद्रित सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखा ।
बीते एक माह से शहर में सफाई व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण योजना, निर्माण कार्यों के कारण आमजन को हो रही परेशानियों, नालियों की सफाई तथा अधूरे पड़े विभिन्न निर्माण कार्यों सहित आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर लगातार ध्यान आकर्षित करवाया जा रहा है। मुलाकात के दौरान आयुक्त ने संबंधित ठेका कंपनी के प्रतिनिधि को वर्तमान व्यवस्था में सामने आ रही कमियों से अवगत करवाते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने दो दिन पूर्व ही घर-घर कचरा संग्रहण योजना को झंड़ी दिखाकर शुरू किया था। इसको सुचारू रूप से संचालित करने और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष को लेकर आयुक्त से चर्चा की गई। दीपावली को देखते हुए शहर में विशेष सघन स्वच्छता अभियान चलाने, रोड लाइटों को दुरुस्त करने, नाली एवं सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर में चल रहे एवं अधूरे निर्माण कार्यों की समीक्षा सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई।
इस अवसर पर महापौर प्रत्याशी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कहा कि, “शहर की स्वच्छता, बेहतर सीवरेज व्यवस्था, सुचारू रोड लाइट एवं अन्य मूलभूत नागरिक सुविधाएं ही एक व्यवस्थित और नागरिक-केंद्रित शहर के निर्माण का आधार हैं। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और शहर के विकास को गति देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि “मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई घर-घर कचरा संग्रहण योजना को सफल बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन या नगर निगम की नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों की भी है। प्रशासन, नगर निगम, संबंधित एजेंसी और आमजन के बेहतर समन्वय से ही स्वच्छ एवं सुंदर बीकानेर का निर्माण संभव है।”
इस दौरान साथी पार्षद विनोद धवल, अनूप गहलोत, हिमांशु शर्मा, गिरिराज जोशी, दीपक व्यास, प्रकाश व्यास, शंकर लाल तंवर, जेठाराम नायक, जगदीश सोलंकी, वीरेंद्र करल, शिव गहलोत सहित पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





