खेल : जिम्नाष्टिक में दिखाया खिलाड़ियों ने दमखम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में निभा रहे भागीदारी

अजमेर, कुचामन, अलवर, भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और बीकानेर की टीमों ने किया उम्दा प्रदर्शन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

70वीं राज्य स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत बीकानेर में खेल प्रतिभाएं अपना दमखम दिखा रही है। वहीं 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग छात्र-छात्रा जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में रविवार को विभिन्न स्पर्धाओं के रोमांचक मुकाबले हुए।

रविवार को अजमेर, कुचामन, अलवर, भीलवाड़ा, जयपुर, पाली और बीकानेर जिलों की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताबी दौड़ में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। खिलाड़ियों ने अपने कौशल, संतुलन, शक्ति और आत्मविश्वास से दर्शकों रोमांचित कर दिया।

नवनिर्मित करणी सिंह स्टेडियम के मल्टीपरपज ऑडिटोरियम में चल रही प्रतियोगिता में रिदमिक जिम्नास्टिक, फ्लोर एक्सरसाइज, हॉरिजॉन्टल बार, पैरेलल बार, रोमन रिंग सहित विभिन्न स्पर्धाओं में प्रदेशभर से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम अंतिम दिन घोषित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई टीमें पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग ले रही हैं। अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन प्रतियोगिता को लगातार रोमांचक बना रहा है।

आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्य लाजवंती ने बताया कि राज्यभर से आए खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह है। खिलाड़ियों के आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) डॉ. रामगोपाल शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग की विभिन्न टीमें लगातार व्यवस्थाओं में जुटी हुई हैं।

आयोजन में लेडी एल्गिन स्कूल की व्याख्याता एवं शारीरिक शिक्षिका सुधा व्यास, शारीरिक शिक्षक शिवराज सिंह, नारायण दास पणिया, रामकुमार परिहार, यदुवीर सिंह, पवन नायक, संतोष नायक, शिव नायक, राजेश नायक, यशपाल सिंह (जोधपुर), सुरेश खेड़िया, सुनील सैन, अजय कुमार एवं अशोक सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं निर्णायक अलग-अलग दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

 

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *