बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

नगर निगम चुनाव 2026 के तहत आज शांतिपूर्ण मतदान हुआ। शहर की सरकार चुनने के लिए 79 वार्डों के लोगों ने मतदान किया। सुबह 7 बजे से ही मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई जो शाम छह बजे तक चली। इस दौरान लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। जानकारी के अनुसार 79 वार्डों में शाम छह बजे तक 68.91 प्रतिशत मतदान हुआ।

सुबह मतदाताओं की कतारें, दिनभर प्रत्याशियों की दौड़-भाग और शाम होते-होते जीत-हार के दावों का दौर… बुधवार को बीकानेर में नगर निगम चुनाव का मतदान इसी चुनावी रंग के बीच संपन्न हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद से ही लोगों के अपने-अपने कयास लगाए जा रहे हैं। अब सभी की निगाह 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।
शहर के चौक-चौराहों, मोहल्लों और गलियों में दिनभर चुनावी चर्चा का माहौल रहा। मतदान केंद्रों के बाहर लोग अपने वार्ड के चुनावी समीकरणों पर चर्चा करते नजर आए। कहीं मुकाबला सीधा दिखाई दिया तो कहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने चुनौती खड़ी की। मतदान समाप्त होते ही प्रत्याशी और उनके समर्थक अपने-अपने स्तर पर मतदान प्रतिशत, बूथवार स्थिति और क्षेत्रीय समीकरणों का आकलन करने में जुट गए।
इन वार्डो में रहा रोचक मुकाबला
वार्ड संख्या 57, 59, 60, 73, 74 और 75 सहित कई वार्डों में चुनावी मुकाबला चर्चा में रहा। इन वार्डों में प्रत्याशियों ने पिछले कई दिनों से जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के प्रयास किए थे। मतदान के दिन भी प्रत्याशी और उनके समर्थक पूरी तरह सक्रिय रहे। कई स्थानों पर महिला प्रत्याशियों ने भी घर-घर संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
मेघवाल और व्यास ने किया मतदान
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने नागरिकों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।
पुलिस रही मुस्तैद, रखी पैनी नजर

