बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

नकबजनी की दो वारदातों का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साथ ही इनमें लिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगाशहर और नापासर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई की है। साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गंगाशहर पुलिस ने एक नकबजन और चोरी का सामान खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जबकि नापासर पुलिस ने बंद मकानों में चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान और नकद राशि बरामद की है।
गंगाशहर पुलिस की कार्रवाई : 29 जुलाई को सुजानदेसर निवासी रेणु गहलोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मकान बंद कर शहर से बाहर गई हुई थीं। पीछे से अज्ञात चोरों ने रात के समय कटर से मकान का ताला काटकर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच करते हुए जगदीश कुमार लखेसर (29) निवासी भीनासर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों अनिल कुमार और राहुल नायक के साथ बीकानेर शहर में नकबजनी करने और चोरी का सोना-चांदी संजय सोनी (40) निवासी गंगाशहर को बेचने की बात स्वीकारी। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोपी संजय सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
नापासर पुलिस ने भी खोली नकबजनी: नापासर थाना पुलिस ने शेरेरां गांव में दो सूने मकानों में हुई चोरी का खुलासा करते हुए रामदेव गोदारा (27) निवासी आसेरा को गिरफ्तार किया। परिवादी दीनदयाल सारस्वा ने रिपोर्ट में बताया था कि उसके और उसके भाई भागीरथ के बंद मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोबाइल और 23,500 रुपये नकद चोरी किए गए।
पुलिस ने घटनास्थल के निरीक्षण, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चांदी की पाजेब, गलपटिया, छोटा फूलड़ा, फूलड़ों का हार, गणेशजी की छोटी मूर्ति सहित चोरी की नकद राशि बरामद की गई।
पुलिस आरोपी से शेष चोरी के सामान और वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
दोनों कार्रवाइयां पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा संबंधित वृत्ताधिकारियों के निर्देशन में की गईं। गंगाशहर थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई और नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।





