मेलो तथा त्यौहार के चलते सर्वे, एंटीलार्वा एवं एंटी एडल्ट गतिविधियों की गुणवत्ता पर विशेष जोर

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर जिला स्तर से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. लोकेश गुप्ता, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह राठौड़ एवं डेटा मैनेजर आईडीएसपी प्रदीप चौहान ने समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारियों से क्षेत्रवार स्थिति की जानकारी ली।

बैठक में फील्ड सर्वे, एंटीलार्वा एवं एंटी एडल्ट गतिविधियों की प्रगति तथा मौसमी बीमारियों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। डॉ. लोकेश गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में त्यौहार तथा मेलों के चलते संक्रमण बढ़ने की पूरी संभावना होती है ऐसे में अपनी तैयारी पहले से कर ले और आमजन को भी सतर्क करें।
उन्होंने कहा किप्रतिदिन सर्वे टीमें फील्ड में पहुंच रही हैं, लेकिन गतिविधियों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है, तभी प्रभावी परिणाम प्राप्त होंगे। जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट नीलम प्रताप सिंह राठौड़ ने एंटीलार्वा एवं एंटी एडल्ट गतिविधियों के तकनीकी पक्ष पर विशेष जोर देते हुए संबंधित कार्मिकों एवं सर्वे टीमों के प्रशिक्षण को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों पर विशेष निगरानी की आवश्यकता बताई, क्योंकि ये क्षेत्र डेंगू की दृष्टि से संवेदनशील रहे हैं।
डॉ. गुप्ता ने सभी अधिकारियों को आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश देते हुए अपील की कि लोग भी अपने स्तर पर सतर्क रहें तथा घर एवं आसपास खुले में पानी जमा नहीं होने दें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की गतिविधियों के साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही डेंगू, मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।






