रेलवे : अपर रेल प्रबंधक ने किया इन स्टेशनों का दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा - Nidar India

रेलवे : अपर रेल प्रबंधक ने किया इन स्टेशनों का दौरा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के अपर मंडल प्रबंधक राजेन्द्र चौधरी ने बुधवार को
बीकानेर- सादुलपुर-गोगामेड़ी रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान संरक्षा, ट्रैक की स्थिति,आरयूबी, आरओबी, सिग्नल एवं परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने मार्ग में आने वाले विभिन्न स्टेशनों एवं रेल परिसंपत्तियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने रेल संचालन को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा कमियों को प्राथमिकता से दूर करने के निर्देश दिए।


गोगामेड़ी क्षेत्र में शीघ्र ही शुरू होने आगामी मेले एवं श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यात्री सुविधाओं, स्टेशन पर व्यवस्थाओं और परिचालन संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा एवं सुचारू रेल संचालन के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोगामेड़ी मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में रेल अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। मेले की तैयारियों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।

अपर मंडल रेल प्रबन्धक ने श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, सूचना एवं उद्घोषणा प्रणाली, आसानी से रेल टिकट की उपलब्धता सुनिश्चित करने ( टिकट खिडकी बढ़ाने ) तथा सुचारु रेल संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मेले के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।

अधिकारियों को रेलवे स्टेशन एवं मेला क्षेत्र में सतत निगरानी बनाए रखने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष सतर्कता बरतने एवं सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

गोगामेडी व सादुलपुर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं परिचालन कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गोगामेडी स्टेशन का दौरा किया एवं स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, टिकट बुकिंग कार्यालय, पैनल कक्ष सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अपने दौरे के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने सादुलपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण भी किया।

उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। लगभग 18.70 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, प्रवेश एवं निकास मार्गों का पृथक्करण, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम, नए शौचालय ब्लॉक तथा अन्य यात्री सुविधाओं का उन्नयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि स्टेशन पर एलईडी लाइटिंग, आकर्षक आर्टवर्क, दिव्यांगजन अनुकूल साइनेज, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन एवं सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी स्थापित किए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान बताया गया कि सादुलपुर स्टेशन पर लगभग 8.84 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जिसका लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 लाख रुपये की लागत से 40 किलोवाट का सोलर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया गया है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, आवागमन अधिक सुगम होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय कारीगरों एवं श्रमिकों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिलेगी तथा पर्यटन एवं स्थानीय हस्तशिल्प को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश माँझी, वरिष्ठ मंडल अभियंता आदित्य लेघा ( विद्युत सामान्य), वरिष्ठ मंडल अभियंता अमन अग्रवाल (दक्षिण), मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अखिल गुप्ता सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *