सी.एम. मूंडड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग लोकार्पित


बीकानेर/जयपुर,निडर इंडिया न्यूज।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जनसहयोग से स्वस्थ भारत का संकल्प साकार हो रहा है। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सी.एम. मूंडड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का निर्माण इसी संकल्प का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सी.एम. मूंडड़ा मेमोरियल मेडिसिन विंग का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की संस्कृति में सेवा, दान और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परंपरा रही है और यही हमारी पहचान है। आर्थिक समृद्धि को समाज की सेवा में लगाने की भावना निश्चित रूप से अन्य लोगों एवं आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है मेडिसिन विंग
पीबीएम अस्पताल में 100 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 527 बेड क्षमता वाला चार मंजिला अत्याधुनिक चिकित्सा विंग बनाया गया है। इसमें जनरल बेड के 9 वार्ड, 20-20 बेड के 3 आईसीयू वार्ड तथा 9 बेड का एक आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। इसके साथ कुल 53 कॉटेज एवं वेटिंग हॉल भी निर्मित किए गए हैं। परिसर में 76 हजार वर्ग फीट का पार्किंग एरिया, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

लोकार्पण समारोह में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक विश्वनाथ मेघवाल, जेठानंद व्यास, ताराचंद सारस्वत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे।






