सटीक निशानों से बने नए रिकॉर्ड, नेशनल चैंपियनशिप के लिए राजस्थान टीम का होगा चयन - Nidar India

सटीक निशानों से बने नए रिकॉर्ड, नेशनल चैंपियनशिप के लिए राजस्थान टीम का होगा चयन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

रेलवे ग्राउंड में आयोजित सीनियर राज्य तीरंदाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन रविवार को रोमांच अपने चरम पर रहा। पहली बार प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप फ्लड लाइट में किया गया, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर जैसी प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिला। देर शाम तक चले मुकाबलों में इंटरनेशनल, नेशनल और स्टेट लेवल के तीरंदाजों ने सटीक निशाने साधते हुए कई नए रिकॉर्ड बनाए, वहीं कुछ पुराने रिकॉर्ड भी ध्वस्त हो गए।

आयोजन सचिव एवं भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच अनिल जोशी ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में उम्मीद से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी रही, जो आयोजन की पारदर्शिता और उच्च स्तर की व्यवस्थाओं पर खिलाड़ियों के भरोसे को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि बीकानेर ने पिछले कुछ वर्षों में राजस्थान में तीरंदाजी को नई पहचान दिलाई है और यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर आगामी सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप के लिए राजस्थान टीम का चयन किया जाएगा, इसलिए हर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में जुटा है।

राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि प्रदेश में तीरंदाजी का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। खिलाड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ प्रदर्शन में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर भी दिखाई दे रहा है।

ये रहे मुकाबलों के विजेता

कंपाउंड पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में सीकर के रजत चौहान ने 712 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। हनुमानगढ़ के आर्यन पारीक 707 अंक के साथ दूसरे और सीकर के मुकुल शर्मा 705 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग में धौलपुर की प्रिया गुर्जर ने 701 अंक बनाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सीकर की शिवानी और स्वाति दुधवाल ने 688-688 अंक के साथ क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।

रिकर्व पुरुष व्यक्तिगत वर्ग में नागौर के महेश कुमावत ने 671 अंक के साथ बाजी मारी। यशांश कुमावत (सीएसटी स्पोर्ट्स फाउंडेशन) 659 अंक के साथ दूसरे तथा बाड़मेर के कृष्ण कुमार 657 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

रिकर्व महिला व्यक्तिगत वर्ग में श्रीगंगानगर की अमनदीप कौर ने 629 अंक के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। हरप्रीत कौर और कल्पना रेगर ने 616-616 अंक अर्जित कर दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

टीम स्पर्धा में कंपाउंड पुरुष वर्ग में अलवर ने 233 अंक के साथ पहला, डीएसपीईएसएस ने 229 अंक के साथ दूसरा और सीकर ने 228 अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। कंपाउंड महिला वर्ग में सीकर की टीम विजेता रही।

यह रहे मौजूद…

प्रतियोगिता के दौरान संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, सरजूदास महाराज, संजीव जाजोरिया, राजेंद्र जोशी और राजस्थान तीरंदाजी संघ के महासचिव सुरेंद्र सिंह गुर्जर मौजूद रहे। वहीं प्रमोद आचार्य, रविन्द्र हर्ष, ज्योति रंगा और भंवरलाल व्यास ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

तकनीकी टीम की भूमिका रही अहम

प्रतियोगिता के सफल संचालन में तकनीकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्कोरिंग, निर्णायक व्यवस्था, मैदान प्रबंधन और सभी मुकाबलों को निर्धारित समय पर संपन्न कराने में तकनीकी अधिकारियों ने पूरे समर्पण के साथ सहयोग दिया, जिसके चलते प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाओं के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *