रेलवे : आनंद विहार टर्मिनस–सुल्तानपुर सद्भावना एक्सप्रेस में नई सफाई व्यवस्था लागू - Nidar India

रेलवे : आनंद विहार टर्मिनस–सुल्तानपुर सद्भावना एक्सप्रेस में नई सफाई व्यवस्था लागू

ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग एवं लिनन वितरण की बेहतर व्यवस्था 8 अगस्त 2026 से प्रभावी

जयपुर, दिल्ली, निडर इंडिया न्यूज। 

आनंद विहार टर्मिनस–सुल्तानपुर सद्भावना एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14014/14013) नई एवं उन्नत ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग (OBHS) और लिनन वितरण व्यवस्था के तहत शामिल की जाने वाली दूसरी ट्रेन होगी। यह नई व्यवस्था 8 अगस्त से प्रभावी हो गई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन के भीतर बेहतर स्वच्छता, सुविधा एवं सेवा अनुभव उपलब्ध कराना है।

सभी कोचों में सफाई व्यवस्था: नई व्यवस्था में आरक्षित कोचों के साथ-साथ अनारक्षित कोचों को भी शामिल किया गया है, जिससे पूरी ट्रेन में समान रूप से स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
यात्री सुविधा पर विशेष जोर: स्लीपर क्लास कोचों में लिक्विड सोप उपलब्ध कराया जाएगा। यात्रियों के स्वागत तथा कचरा संग्रहण के लिए एयरलाइन सेवा की तर्ज पर पोर्टेबल डिवाइस का उपयोग किया जाएगा।

डिजिटल एवं साक्ष्य-आधारित निगरानी: कार्यों की निगरानी के लिए ऑनलाइन ऐप आधारित मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया गया है। इसमें जियो-टैग एवं टाइम-स्टैम्प वाली तस्वीरों के माध्यम से सफाई कार्यों का सत्यापन एवं मॉनिटरिंग की जाएगी।

आधुनिक मशीनों का उपयोग: ट्रेन के भीतर सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पहली बार हाई-प्रेशर जेट क्लीनिंग तथा वैक्यूम क्लीनिंग मशीनों का उपयोग किया जाएगा।
समर्पित कंट्रोल रूम: सेवा प्रबंधन एवं यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सेवा प्रदाता द्वारा एक डेडिकेटेड कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

प्रशिक्षित एवं सत्यापित कर्मचारी: निर्धारित योग्यता वाले, प्रशिक्षित एवं सत्यापित कर्मचारियों को उचित यूनिफॉर्म के साथ तैनात किया जाएगा, ताकि यात्रियों को व्यवस्थित एवं पेशेवर सेवा उपलब्ध हो सके।

जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण: तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की गई हैं। इनमें लिनन प्रबंधन, ऑन बोर्ड सफाई, टॉयलेट की देखभाल, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण, बेसिक सेफ्टी चेक, छोटी-मोटी मरम्मत तथा फर्स्ट-रिस्पॉन्स सपोर्ट शामिल हैं।
यह उन्नत व्यवस्था यात्रियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिजिटल निगरानी, आधुनिक सफाई उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मचारियों के माध्यम से सेवा की गुणवत्ता तथा जवाबदेही को और मजबूत किया जाएगा।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *