बीकानेर : सीएम विजिट की तैयारियों का जायजा, मेघासर सहित राजुवास, एमजीएसयू और एसकेआरएयू में देखी व्यवस्थाएं - Nidar India

बीकानेर : सीएम विजिट की तैयारियों का जायजा, मेघासर सहित राजुवास, एमजीएसयू और एसकेआरएयू में देखी व्यवस्थाएं

संभागीय आयुक्त, महानिरीक्षक पुलिस, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया अवलोकन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सहित 14 एवं 15 अगस्त को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को संयुक्त निरीक्षण किया।

संभागीय आयुक्त  विश्राम मीना, पुलिस महानिरीक्षक  ओमप्रकाश, जिला कलक्टर  निशान्त जैन तथा पुलिस अधीक्षक  मृदुल कच्छावा ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मेघासर में मेघोजी उपाध्याय की अश्वारूढ़ प्रतिमा के अनावरण तथा विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास स्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के मीराबाई सभागार में प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की तथा यहां आयोजित होने वाली विभागीय प्रदर्शनी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शनी में शामिल होने वाले विभागों और उनके द्वारा प्रदर्शित की जाने वाली जानकारी ली।

राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजुवास) परिसर में प्रस्तावित एट होम कार्यक्रम तथा पीबीएम अस्पताल की नई मेडिसिन विंग के उद्घाटन स्थल का निरीक्षण किया। वहीं स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में हेलीपेड एवं आवास सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैठक प्रबंधन, सुरक्षा इंतजाम, पार्किंग, यातायात संचालन, पेयजल, स्वच्छता तथा आमजन की सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर निशान्त जैन ने कहा कि सभी तैयारियों को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े सभी कार्यक्रम गरिमामय, सुव्यवस्थित तथा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हों। इस दौरान नगर निगम आयुक्त  सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी  शैलजा पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *