बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जिले की विभिन्न तहसीलों में रिक्त एवं नवसृजित उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए पात्र व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जिला रसद अधिकारी नरेश शर्मा के अनुसार खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के अंतर्गत तहसील नोखा, लूणकरणसर, खाजूवाला एवं बीकानेर ग्रामीण क्षेत्र की रिक्त तथा नवसृजित उचित मूल्य दुकानों के आवंटन के लिए इच्छुक एवं पात्र व्यक्तियों से आवेदन-पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी 10 अगस्त 2026 को सायं 5 बजे तक जिला रसद अधिकारी कार्यालय, बीकानेर (कलेक्ट्रेट परिसर) से 100 रुपये के भारतीय पोस्टल ऑर्डर के माध्यम से आवेदन-पत्र प्राप्त कर सकेंगे। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन-पत्र भी 10 अगस्त को सायं 5 बजे तक कार्यालय में जमा कराए जा सकेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार बीकानेर ग्रामीण, नोखा, खाजूवाला तथा लूणकरणसर क्षेत्रों में कुल 10 उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें कुछ दुकानें महिला आरक्षित तथा शेष अनारक्षित श्रेणी के लिए निर्धारित की गई हैं।
उचित मूल्य दुकानों का आवंटन विभाग द्वारा निर्धारित पात्रता, चयन मापदंड एवं अन्य दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। रिक्त दुकानों से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं जिला रसद अधिकारी कार्यालय, बीकानेर में उपलब्ध है।
विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी विज्ञप्ति के तहत प्राप्त आवेदन-पत्रों (चयनित आवेदन-पत्रों को छोड़कर) को निरस्त माना जाएगा। ऐसे में संबंधित वार्डों एवं ग्रामों के इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से आवेदन प्रस्तुत करना होगा। साथ ही, रिक्तियों में आवश्यकतानुसार वृद्धि, कमी अथवा संशोधन करने का अधिकार विभाग के पास सुरक्षित रहेगा।






