सुबह से बह रही है भक्ति की धारा, जलाभिषेक, रुद्राभिषेक से भोलेनाथ को रिझा रहे
बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
हे! शिव शंकर हे…करुणाकर परमानंद महेश्वर…शिव-शिव रटे संकट कटे…के स्वरों से आज शिवालय गूंज रहे हैं। श्रद्धालु भगवान भोलनाथ का जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और दुग्धाभिषेक कर रहे हैं। सभी संकटों, कष्टों और दु:खों का हरण करने वाले देवो के देव महादेव को रिझा रहे है। भगवान शंकर से सुख-शांति और समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

आज पहले सोमवार को ही शिवालयों में सुबह से दर्शनार्थियों का तांता लगा है। शहर के शिवालयों में रुद्री के वेद मंत्र गूंजायमान है। शिव भक्ति और आराधना का यह सिलसिला पूरे माह चलेगा। पूरा शहर ही मानो शिव भक्ति की सरिता में हिलोरे लेगा।

शिवालयों में हुए पूजन…
सावन के पहले सोमवार को सुबह से ही शिवालयों में भगवान शंकर का अभिषेक करने के बाद विशेष शृंगार किया गया। वहीं श्रद्धालु भी सुबह से ही जलाभिषेक कर शंकर भगवान से मंगल कामना कर रहे हैं। यह सिलसिला रात तक चलेगा। रात को मंदिरों में भक्ति जागरण भी होंगे। शहर में जस्सोलाई क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर जनेश्वर महादेव में अलग सुबह पांच बजे भगवान शंकर का अभिषेक करने के बाद शृंगाार किया गया।
पूजा-अर्चना का दौर दिनभर चलेगा। पुजारी गोपल कृष्ण शर्मा ने बताया कि सुबह की आरती शृंगार पूजन के बाद की गई। भगवान शंकर का बिल्वपत्र, आक-धतुरा, विजिया और फल अर्पित किए गए। इससे पूर्व दुग्धाभिषेक कर रुद्री पाठ किए गए। गुलाब-मोगरा, कोयली सहित अलग-अलग तरह के पुष्पों से विशेष शृंगार किया गया है। जनेश्वर मंदिर परिसर के अंचलेश्वर महादेव, मुक्तेश्वर महादेव मंदिर सहित मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक का सिलसिला जारी है।
इन मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़…

काशी विश्वनाथ मंदिर में कनूमण्डल की ओर से विश्व कल्याण के लिए 51किलो दूध का अभिषेक किया गया। इस दौरान कन्हैया लाल रंगा के सानिध्य में पं काशी नाथ ओझा ने वेद मंत्रों के साथ अभिषेक पूजन कराया। इस अवसर पर अशोक पुरोहित, सांगरिया, केके छंगाणी इंदू जोशी, किसन स्वामी, परख रंगा, शिव चूरा ने भागीदारी निभाई। पूजन के बाद पुजारी मुन्ना महाराज से आशीर्वाद लिया।
शिवबाड़ी स्थित प्राचीन लालेश्वर महादेव मंदिर, डूंगरेश्वर, अन्त्योद नगर के ब्रह्म सागर, जस्सूसर गेट बाहर स्थित रंगोलाई के रामेश्वर नाथ, करमीसर रोड पर धरणीधर,काशीविश्वनाथ, महानंद महादेव, जेसलमेर रोड पर भूतनाथ, लालगढ़ के मार्कण्येश्वर, गंगाश्हर में कैदारनाथ, गोपेश्वर, फक्कडेश्वर महादेव, बीकाजी टेकरी के समीप स्थित आचार्य बागेची, गोचर भूमि के जंगलेश्वर, हनुमान हत्था स्थित बारह महादेव, देवीकुंड सागर स्थित प्राचीन मंदिर, जस्सोलाई के गोरीशंकर महादेव, किराड़ुओं की बागेची स्थित महादेव मंदिर सहित मंदिरों में भक्ति की सरिता बह रही है।


कई स्थानों पर चले पार्थिव शिवलिंग निर्माण के अनुष्ठान

शहर में सावन माह शुरू होने के साथ ही कई स्थानों पर पार्थिव शिवलिंग निर्माण के अनुष्ठान चल रहे हैं। मंदिरों में श्रद्धालु पार्थिव शिव का निर्माण कर उसका पूजन कर रहे हैं। इनका विसर्जन सावन माह के अंतिम दिन पवित्र सरोवरों में किया जाएगा।







