बीकानेर,निडर इंडिया न्यूज।


केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बीकानेर जिले की 25 और 26 मई की दो दिवसीय प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर जिला कलक्टर निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली तथा पूर्व तैयारियों की समीक्षा की।

जिला कलक्टर ने कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री के साथ वरिष्ठ अधिकारियों का बीकानेर दौरा भी प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सभी विभागों के अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी और गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने दो दिवसीय दौरे के तहत मिनट-टू-मिनट कार्यक्रमों के अनुसार तैयारियों की समीक्षा की तथा बताया कि प्रत्येक कार्य के लिए अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। प्रत्येक अधिकारी समय रहते सभी तैयारियां कर लें।

जिला कलक्टर ने प्रस्तावित रूट, सुरक्षा, साफ-सफाई, आवास, भोजन, पेयजल, वाहन, हैलीपेड, प्रचार-प्रसार, प्रवेश पत्र सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए नियोजित अधिकारियों से अब तक की तैयारियों का फीडबैक लिया और प्रत्येक कार्य के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के लिए यह दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय रखें। किसी प्रकार की परेशानी होने पर अविलम्ब उच्चाधिकारियों को सूचित करें।



जिला कलक्टर ने विशिष्टजनों के साथ नियुक्त होने वाले लाइजिंग ऑफिसर्स की बैठक ली और कहा कि संबंधित अधिकारी से पूर्ण समन्वय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू को समूची व्यवस्था के लिए ऑवर ऑल प्रभारी नियुक्त किया गया है। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







