कोटगेट व सांखला फाटक आरयूबी प्रोजेक्ट को लेकर संभागीय आयुक्त मीणा की व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक

कोटेगेट, सांखला फाटक समेत शहर के चार प्रमुख स्थानों पर प्रोजेक्ट डिस्प्ले करने को लेकर बीडीए अधिकारियों को दिए निर्देश



बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
कोटगेट व सांखला फाटक आरयूबी निर्माण को लेकर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा की अध्यक्षता में गुरुवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय में प्रमुख व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में मीणा ने बीडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोटगेट व सांखला फाटक आरयूबी निर्माण का पूरा प्लान कोटगेट व सांखला फाटक के पास डिस्प्ले करने के साथ साथ दो प्रमुख अन्य स्थानों पर भी डिस्प्ले करें ताकि आमजन भी प्लान देखकर कोई सुझाव देना चाहे तो दे सके।
प्रोजेक्ट को लेकर व्यापारियों का लिया गया फीडबैक
संभागीय आयुक्त ने बातचीत में बताया कि वर्ष 2025-26 की राज्य बजट घोषणा के तहत कोटगेट व सांखला फाटक पर आरयूबी बनना है। इस संबंध में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शहर के गणमान्य लोगों को बुलाकर बीडीए, पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों द्वारा प्रोजेक्ट समझाया गया। बैठक में व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे।उन्हें भी अच्छे से सुना गया। उन्होंने जो भी सुझाव दिए उन्हें नोट किया गया है। ताकि प्रोजेक्ट का क्रियान्वयन अच्छे से हो।
बीडीए चार जगहों पर करेगा प्रोजेक्ट डिस्प्ले
साथ ही संभागीय आयुक्त ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को पारदर्शी तरीके से लागू करने को लेकर बीडीए के अधिकारियों को शहर के चार प्रमुख स्थानों पर प्रोजेक्ट डिस्प्ले करने को लेकर निर्देशित किया गया है। इसको लेकर लोगों को कोई आपत्ति होगी तो उन आपत्तियों का भी तकनीकी रूप से परीक्षण कराया जाएगा।
आरयूबी कार्य जुलाई से शुरू होकर दिसंबर तक होगा पूर्ण
संभागीय आयुक्त ने बताया कि कोटगेट व सांखला फाटक आरयूबी का कार्य जुलाई में स्लैब डालने के कार्य से शुरू कर दिसंबर तक पूर्ण करने की संभावना है। इसमें वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी बनाया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ अधिवक्ता आर के दास गुप्ता समेत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस प्रोजेक्ट को लेकर पिछले 35 साल के संघर्ष और सुझाव के बारे में संभागीय आयुक्त को विस्तार से बताया।
कोटगेट से कोटगेट फाटक तक होगी वनवे व्यवस्था
श्री मीणा ने बताया कि बैठक में शहर की ट्रैफिक समस्या, केईएम रोड़ पर पार्किंग समस्या के समाधान को लेकर चर्चा भी हुई। संभागीय आयुक्त ने ट्रैफिक पुलिस को कोटगेट से लेकर कोटगेट फाटक पर आगामी 15 दिनों में वनवे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अतिरिक्त संभागीय आयुक्त यशपाल आहूजा, पीडब्ल्यूडी एसई डॉ वी.के.गहलोत,पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक किशन सिंह, पीडब्ल्यूडी अधिशाषी अभियंता विजय कुमार मीणा, सहायक अभियंता विक्रम बिश्नोई, ट्रैफिक इंस्पेक्टर श्री नरेश निर्वाण, बीडीए की डायरेक्टर इंजीनियर वंदना शर्मा, समेत वरिष्ठ अधिवक्ता आर.के.दास गुप्ता, बीकानेर व्यापार एसोसिएशन अध्यक्ष नरपत सेठिया, कोषाध्यक्ष विनीत अग्रवाल, सचिव उमेश मेहंदीरत्ता, प्रवक्ता श्याम कुमार तंवर, केईएम रोड़ एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेम खंडेलवाल, मांगीलाल समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।







