क्राइम : नकली नोट छापते चार गिरफ्तार, 500-500 के 156 नकली नोट जब्त - Nidar India

क्राइम : नकली नोट छापते चार गिरफ्तार, 500-500 के 156 नकली नोट जब्त

आरोपियों के पास से दो प्रिंटर, कटर मशीन सही अन्य सामान जब्त, हवाला के रुपयों में चलाते थे नकली नोटों को

श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों से पूछताछ जारी

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

श्रीडूंगरगढ़ थाना पुलिस ने नकली करेंसी छापने के बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए चार जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नेशनल हाई वे स्थित एक होटल में दबिश देकर 500-500 रुपये के 156 नकली नोट सहित प्रिंटर व अन्य सामान भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बीएल मीणा ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि हाइवे स्थित एक होटल के कमरे में प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापे जा रहे हैं। जिस पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी।

मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें होटल संचालक सहित हेमासर और पुंदलसर के युवक शामिल बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले दो प्रिंटर, कटर मशीन, चमकीली टेप सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है।

यह कार्रवाई श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन और श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में की गई। एएसपी मीणा ने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नारायण निवासी इनपालसर बड़ा, आशीष निवासी आडसर बास, श्रीडूंगरगढ़, श्यामलाल निवासी हेमासर और जितेंद्र निवासी पुन्दलसर नकली नोटों को हवाला के रुपयों में चलाते थे, ताकि किसी को इसका पता नहीं चले।

आरोपियों के खिलाफ नोडल थाना कोटगेट में मामला दर्ज किया गया है। फिलाहल आरोपियों से पूछताछ जारी है। आशंका जताई जा रही है कि नकली करेंसी गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *