बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।




जिले में नशे का कारोबार बढ़ता जा रहा है। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस भरसक प्रयास भी कर रही है। पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है। ताकि मादक पदार्थों की अवैध रूप से खरीद फरोख्त करने वालों पर शिकंजा कसा जा सके। अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने जिले में जामसर, बज्जू और महाजन थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ जब्त किए है। साथ ही इनमें लिप्त लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
1.600 ग्राम स्मैक सहित आरोपी गिरफ्तार
जामसर थाना पुलिस ने स्मैक के साथ एक शख्स को गिरफ्तार किया है। इससे पूछताछ जारी है। जानकारी के अनुसार जामसर थानाधिकारी रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने निजी स्तर पर सूचनाए संकलन की। पुलिस ने आज गश्त के दौरान खिंचीया गांव के पास से मोटरसाईकिल पर सवार होकर जा रहे मोहम्मद हुसैन उर्फ टाईगर पुत्र मंजुरशाह,उम्र 28 साल निवासी, मस्जिद के पास जामसर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.600 ग्राम स्मैकऔर मोटरसाइकिल भी जब्त की। इस कार्रवाई में कांस्टेबल सुनील कुमार की विशेष भूमिका रही।
डोडा पोस्त सहित एक गिरफ्तार, महाजन पुलिस की कार्रवाई…
पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई महाजन पुलिस थाना क्षेत्र में की है। थानाधिकारी इंस्पेक्टर भजनलाल के नेतृत्व में टीम ने नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका। कार की तलाशी लेने पर उसमें 40.312 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ, जिसको आरोपी युवक छुपाकर ले जा रहा था, पुलिस ने दबोच लिया। इस मामले में पुलिस ने
दीपक पुत्र रमेश कुमार निवासी- वार्ड नंबर 10, पीलीबंगा (हनुमानगढ़) को गिरफ्तार किया है। परिवहन में काम ली जा रही कार को पुलिस ने जब्त किया है।
डोडा-पोस्त सप्लायर गिरफ्तार, बज्जू थाना की कार्रवाई
बज्जू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोडा पोस्त की सप्लई करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तीन प्रकरण दर्ज है। बज्जू थानाधिकारी जगदीश पांडर के नेतृत्व में टीम ने 16 मई को अवैध डोडा पोस्त तस्करी में आरोपी विकास पुत्र गोपालराम, उम्र 21 वर्ष, निवासी चक 03 बीजेएम बज्जू को गिरफ्तार किया है। पूर्व में मार्च माह में पुलिस ने एक आरोपी जाकिर खान को 15 किलो 220 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त के साथ गिरफ्तार किया था, अनुसंधान में पुलिस को पता चला कि उक्त मादक पदार्थ डोडा पोस्त तस्करी में विकास पुत्र गोपालराम विश्नोई की संलिप्तता पाई गई।






