जामसर पुलिस की कार्रवाई, ऑपरेशन नीलकंठ




बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस लिया है। ऑपरेशन नीलकंठ के तहत लगातार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों को दबोचा जा रहा है।
जामसर थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ एमडी (मेफेड्रोन) सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.53 ग्राम एमडी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि जामसर थानाधिकारी रविकुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गश्त और मुखबिर सूचना के आधार पर खेल स्टेडियम बम्बलू के पास कार्रवाई की।
पुलिस ने राजेरा निवासी हेतराम को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच लूणकरनसर थानाधिकारी गणेश कुमार कर रहे हैं। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई में कांस्टेबल अनुकुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम में विजय कुमार, धर्माराम, रामनिवास, भागीरथ और अनुकुमार शामिल रहे।






