खेल : पैरा एशिया कप में भारत को गोल्ड, श्याम सुंदर स्वामी–तोमन कुमार की जोड़ी का शानदार प्रदर्शन - Nidar India

खेल : पैरा एशिया कप में भारत को गोल्ड, श्याम सुंदर स्वामी–तोमन कुमार की जोड़ी का शानदार प्रदर्शन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 
पैरा एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है। चीनी ताइपे को हराकर भारत के श्याम सुंदर स्वामी और तोमन कुमार की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ ही दोनों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया है।

कोच अनिल जोशी के अनुसार, मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने बेहतरीन तालमेल और आत्मविश्वास के साथ खेल दिखाया। खासतौर पर श्याम सुंदर स्वामी का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा, जिसकी बदौलत टीम भारत को जीत हासिल करने में सफलता मिली।

गौरतलब है कि श्याम सुंदर स्वामी ने लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। इससे पहले भी उन्होंने पिछले वर्ष थाईलैंड में आयोजित प्रतियोगिता में भारत को गोल्ड मेडल दिलाया था। इस तरह उन्होंने बैक टू बैक स्वर्ण पदक जीतकर अपनी काबिलियत को साबित किया है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खेल जगत में खुशी की लहर है। बीकानेर सहित पूरे देश के खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने श्याम सुंदर स्वामी और तोमन कुमार को बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।

भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *