10 मार्च तक होंगे समाजोत्सव के कार्यक्रम, 19 मार्च को निकलेगी धर्मयात्रा

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
भारतीय नव वर्ष समारोह समिति, बीकानेर महानगर की ओर से इस वर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर विक्रम संवत 2083 का स्वागत पूरे शहर में समाजोत्सव के रूप में किया जाएगा।

इसके तहत शनिवार हिंदू नव वर्ष धर्मयात्रा की तैयारियों के क्रम में आज दिनांक 07 मार्च 2026 को जसोदा भवन, गोकुल सर्किल, बीकानेर में भारतीय नव वर्ष समारोह समिति, बीकानेर महानगर के कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम संत विमर्शानंद महाराज, संत श्याम सुन्दर महाराज एवं जुगल किशोर ओझा( पुजारी बाबा) के पावन सानिध्य में हुआ। इस मौके पर भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया गया और पंडित संजय व्यास,सोनू कलवानी के आचार्यत्व में विधिवत पूजन-अर्चन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक टेकचंद बरडिया, समिति के अध्यक्ष गणेश बोथरा तथा सचिव भंवर पुरोहित ने उपस्थित संतों का पुष्पमालाओं के साथ स्वागत एवं सम्मान किया गया। संतों ने अपने उद्बोधन में भारतीय नव वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्रीय गौरव से जुड़े रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में नरेश पुरोहित के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की पाठी मंडल ने भी सहभागिता निभाई। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ भक्ति भाव से सहभागिता की।

इस अवसर पर बताया गया कि दिनांक 19 मार्च 2026 को विक्रम संवत 2083 के प्रथम दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर बीकानेर महानगर में भव्य हिंदू नव वर्ष धर्मयात्रा निकाली जाएगी, जो एम.एम. ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जूनागढ़ पहुंचेगी।
कार्यक्रम में बीकानेर महानगर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, मातृशक्ति तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हिंदू नव वर्ष धर्मयात्रा को भव्य, गरिमामय और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को इस आयोजन से जोड़ने का आह्वान किया।
होंगे कई कार्यक्रम…
धर्मयात्रा को लेकर 10 मार्च तक शहर के विभिन्न मोहल्लों और बस्तियों में होली स्नेह मिलन, नुक्कड़ बैठकें, घरों में दीप प्रज्वलन, शंखनाद और सजावट जैसे कार्यक्रम होंगे। वहीं मुख्य कार्यक्रम 19 मार्च को होगा। यह धर्मयात्रा एमएम ग्राउंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जूनागढ़ तक पहुंचेगी। यात्रा में विभिन्न समाजों की झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मार्ग में कई स्थानों पर स्वागत, तिलक और प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।




