भक्ति संगीत की बहेगी सरिता, राजस्थान सहित स्थानीय कलाकार देंगे भजनों की प्रस्तुतियां…
कोलकाता/बीकानेर।
भैरवाष्टमी का पर्व मंगलवार को कोलकाता महानगर में भी हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भैरव मंदिरों में पूजा-अर्चना होगी। भैरव बाबा के छप्पन भोग लगाए जाएंगे। जगह-जगह भक्ति जागरण होंगे।

बांसतल्ला स्थित प्राचीन भैरव मंदिर में भैरवाष्टमी का महापर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को सभी तैयारियां पूरी की गई। आयोजन से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता स्वपन बर्मन ने बताया कि मंगलवार सुबह बाबा भैरवनाथ का अभिषेक, पूजन होगा।
शाम को महाआरती होगी। इसके बाद रात को भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान सहित कोलकाता के स्थानीय कलाकार बाबा भैरवनाथ के भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भैरवाष्टमी पर धाकापट्टी स्थित भैरव मंदिर, आनंद भैरव मंदिर, भैरवबाड़ी सहित भैरव मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान होंगे।
रिपोर्ट : रमेश बिस्सा





