बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।


जसरासर पुलिस ने एक युवक को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। जाली भारतीय मुद्रा के प्रचलन पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जसरासर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500 रुपये के छह और 200 रुपये के दो जाली नोट, कुल आठ नकली नोट बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में जाली मुद्रा के प्रचलन पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वृताधिकारी नोखा जरनेलसिंह के निकट सुपरविजन में जसरासर थानाधिकारी राकेश स्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम जसरासर में आसूचना संकलन किया।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुनील पुत्र मनोज पारीक (24), निवासी अमरसर, थाना साण्डवा, जिला चूरू को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500 रुपये के छह और 200 रुपये के दो जाली नोट बरामद हुए। पुलिस ने नकली मुद्रा को फर्द जब्ती के जरिए जब्त कर लिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए मूल फर्द व आरोपी को प्रकरण दर्ज करने के लिए नोडल थानाधिकारी पुलिस थाना कोटगेट, बीकानेर को भेजा गया।
कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बीकानेर बनवारीलाल मीणा, वृताधिकारी नोखा जरनेलसिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राकेश स्वामी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में कांस्टेबल बलवान की विशेष भूमिका रही।






