रेलवे : डीआरएम गोविल ने किया इन स्टेशनों का निरीक्षण - Nidar India

रेलवे : डीआरएम गोविल ने किया इन स्टेशनों का निरीक्षण

किशनगढ़–बालावास लोंगर लूप लाइन एवं स्टेशन का किया निरीक्षण

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 
उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने मंगलवार  को किशनगढ़–बालावास खंड स्थित लोंगर लूप लाइन एवं किशनगढ़–बालावास स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल परिचालन की सुरक्षा, संरक्षा तथा यात्री सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

लोंगर लूप लाइन के निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने लाइन पर पैदल चलकर प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, ट्रैक फिटिंग तथा अन्य संरक्षा मानकों की विस्तार से जांच की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अनुरक्षण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि लोंगर लूप लाइन एक विस्तारित रेलवे लाइन होती है, जिस पर आवश्यकता पड़ने पर एक साथ दो रेलगाड़ियों को सुरक्षित रूप से स्टेबल किया जा सकता है। इससे परिचालन में लचीलापन बढ़ने के साथ-साथ रेल यातायात का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होता है।
निरीक्षण के दौरान गोविल ने ऑब्जेक्ट कंट्रोल (OC) रूम का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।


इसके उपरांत उन्होंने किशनगढ़–बालावास स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट खिड़की, स्टेशन मास्टर कक्ष, पैनल सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, रखरखाव तथा परिचालन व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (पूर्व) विष्णु चौधरी, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह, वाणिज्य निरीक्षक गौतम सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *