आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्राओं का सीए बनने का सपना होगा साकार, रेखा सोमानी फाउंडेशन की पहल - Nidar India

आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्राओं का सीए बनने का सपना होगा साकार, रेखा सोमानी फाउंडेशन की पहल

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज। 

रेखा सोमानी फाउंडेशन, उदयपुर एक सुखद पहल करने जा रहा है।  इसके माध्यम से सर्व समाज के निम्न आय वर्ग के परिवारों की होनहार छात्राओं के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सी.ए.) बनने का सपना साकार किया जाएगा।  प्रेरणास्पद कार्य में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल छात्राओं के चयन में सहयोगी की भूमिका निभा रहा है।

इसी क्रम में आज बीकानेर में एसपी  मृदुल कच्छावा ने पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फाउंडेशन के कार्य अत्यंत ही सराहनीय है, इससे निश्चित ही समाज के निम्न परिवारों को लाभ मिलेगा ।

कार्यक्रम के दौरान रेखा सोमानी फाउंडेशन के संचालक सीए देवेंद्र सोमानी ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को चार्टर्ड अकाउंटेंट बनाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने जानकारी दी कि सर्व समाज की 12वीं कक्षा में 90% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली निम्न आय वर्ग की प्रतिवर्ष 100 छात्राओं का चयन किया जा रहा है । संस्था द्वारा चयनित छात्राओं को पूर्णतः निःशुल्क सुविधाएं प्रदान की जा रही है, जिनमें सी.ए. कोर्स, आवास एवं भोजन, अध्ययन सामग्री, कोचिंग, मार्गदर्शन, कौशल विकास तथा व्यक्तित्व निर्माण आदि आवश्यक खर्चों का वहन भी संस्था द्वारा किया जाएगा।

स्वर्गीय रेखा सोमानी के चार्टर्ड अकाउंटेंसी के प्रति समर्पण से प्रेरित होकर उदयपुर में इस फाउंडेशन की स्थापना की गई है, जहां सैकड़ों छात्राएं सी.ए. बनकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर रही हैं। संस्था सी.ए. बनने वाली छात्राओं को लगभग 12 लाख रुपये वार्षिक तक के रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है। सी ए देवेंद्र सोमानी ने यह भी बताया कि बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल जिले की मेधावी छात्राओं के चयन में सक्रिय सहयोग कर रहा है।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के अध्यक्ष  जुगल राठी ने कहा कि समाज सेवा के इस अनूठे कार्य से जुड़ना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज की निम्न आय वर्ग के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से जरूरतमंद परिवारों की बेटियां अपना भविष्य संवारेंगी और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने बीकानेर क्षेत्र के निम्न आय वर्ग के परिवारों से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए फाउंडेशन के हेल्पलाइन नंबर 9414156057 पर संपर्क करें।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल के अध्यक्ष  जुगल राठी, सचिव  संजय जैन सांड, मीडिया प्रभारी  सुशील कुमार यादव एवं संस्था से जुड़े  कमल जोशी (एडवोकेट) उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *