बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
शहर में पारंपरिक लोक आस्था और उत्साह के प्रतीक धींगा गणगौर माता का तीन दिवसीय महोत्सव 4 अप्रैल से आयोजित किया जाएगा। चौकी मस्त मंडल और मोहल्ला विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में धींगा गणगौर महोत्सव लालीमाई पार्क के पास स्थित जिया भवन के आगे आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



आयोजन से जुड़े राकेश व्यास ने बताया कि महोत्सव के पहले दिन गणगौर माता की प्रतिमाओं को विधिवत विराजमान किया जाएगा। श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना की जाएगी। इस दौरान क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर माता के दर्शन करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
महोत्सव के दूसरे दिन पुरुष मंडलियों द्वारा पारंपरिक गणगौर गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन प्रस्तुतियों में लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले गीत आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगे।
तीसरे और अंतिम दिन महिला मंडल की ओर से गीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुति देंगी। मां गवरजा की पूजा अर्चना की जाएगी।
आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, सजावट एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तीन दिवसीय इस महोत्सव की पूर्णाहुति 6 अप्रेल को होगी।







