बीकानेर : राम के जयकारों से गूंजा शहर, हर तरफ केसरिया रंग छाया, हिन्दू धर्म यात्रा में उमड़ा सैलाब - Nidar India

बीकानेर : राम के जयकारों से गूंजा शहर, हर तरफ केसरिया रंग छाया, हिन्दू धर्म यात्रा में उमड़ा सैलाब

भव्य धर्मयात्रा: आस्था, उत्साह और श्रद्धा का अद्भुत संगम

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

भारतीय नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का पावन दिन बीकानेर में एक अनुठी मिसाल बन गया। गुरुवार का दिन पूरे शहर में केसरिया रंग में रंगा नजर आया। अवसर था हिन्दू नववर्ष पर निकाली गई भव्य धर्मयात्रा का।  शाम चार बजे एमएम ग्राउंड से शुरू हुई धर्मयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साह के भागीदारी निभाई। यह विशाल यात्रा गोकुल सर्किल, नत्थूसर गेट, मोहता चौक, तेलीवाड़ा, दाऊजी मंदिर, जोशीवाड़ा, कोटगेट, केईएम रोड एवं सादुल सिंह सर्किल होते हुए ऐतिहासिक जूनागढ़ के मुख्य द्वार पर पहुंची, जहां भव्य महाआरती का आयोजन किया गया।

मुख्य मंच पर साधु-संतों का सानिध्य इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा। इस अवसर पर विमर्शानंद जी, सरजूदास जी महाराज, श्यामसुंदर जी, रामेश्वरानंद जी “दाता श्री”, बिलासनाथ जी, मोहन नाथ जी, प्रेमदास जी, भास्करनाथ जी, ओमनाथ जी एवं कोलायत से पधारे मोहननाथ जी के साथ ही सिख समुदाय से पंच परमेश्वर, ब्रह्माकुमारी संस्थान से कमला दीदी जी तथा इस्कॉन मंदिर से संतगण भी उपस्थित रहे। सभी संतों के सानिध्य में भारत माता एवं मां अम्बे जी की भव्य महाआरती संपन्न हुई, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। बीकानेर के स्थानीय कलाकारों ने भजनों से समां बांध दिया।

इस अवसर पर सह प्रांत प्रचारक राजेश ने  कहा कि धर्म की शक्ति समाज को एकजुट करने की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे धर्म, संस्कृति और राष्ट्रहित के लिए संगठित होकर कार्य करें, जिससे समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों का संरक्षण हो सके।

धर्मयात्रा के दौरान विभिन्न आकर्षणों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। यात्रा मार्ग पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से तीन चरणों में पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरे मार्ग में उत्सव जैसा दृश्य बन गया। महाराष्ट्र के पूना से आई विशेष बैंड पार्टी ने अपनी मधुर धुनों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बनाया, वहीं दिल्ली के सुप्रसिद्ध बाहुबली बालाजी जी की आकर्षक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

श्रीराम-सीता, राधा-कृष्ण, हनुमान जी एवं भारत माता की सजीव झांकियों सहित लगभग 50 भव्य झांकियां यात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अगौरी मंडल की प्रस्तुति ने भी अपनी विशिष्ट शैली से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

महाआरती से पूर्व आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। श्रीसखी समूह, सूर्या पुरोहित, नानू मास्टर, राहुल जोशी एवं कान्हा बीकानेरी ने भजनों की मधुर प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भक्ति संगीत के साथ झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे वातावरण को धर्ममय और आनंदमय बना दिया।

यात्रा के प्रारम्भ से लेकर महाआरती स्थल तक विभाग संघचालक टेकचंद बरडिया, विभाग प्रचारक विनायक, कार्यक्रम संयोजक उमेश व्यास, समिति अध्यक्ष गणेश बोथरा, उपाध्यक्ष राजेश चुरा, महामंत्री भंवर पुरोहित, नवीन सिंह सहित अनेक पदाधिकारी रैली में उपस्थित थे और धर्म यात्रियों के साथ नववर्ष का उत्सव बनाया।

समिति द्वारा पूर्व निर्धारित जिम्मेदारियों के तहत कार्यकर्ताओं ने यातायात, सुरक्षा, व्यवस्था एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा, जिससे इतनी विशाल भीड़ के बावजूद आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।

पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारियों एवं नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर धर्मयात्रा का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़ते रहे और “जय श्रीराम” एवं “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। लाखों की संख्या में धर्मप्रेमियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया तथा शहर में धार्मिक उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम संयोजक उमेश व्यास ने किया। इस दौरान झांकियों के रूप में सुसज्जित विभिन्न देवी-देवताओं पर पुष्पवर्षा कर उनका भावपूर्ण अभिनंदन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्तिभाव का संचार हुआ।

 

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *