बीकानेर : जिले में 300 हेक्टेयर में हो रही है खजूर की खेती, अनार की 700 हेक्टेयर में खेती - Nidar India

बीकानेर : जिले में 300 हेक्टेयर में हो रही है खजूर की खेती, अनार की 700 हेक्टेयर में खेती

किसान खुद के खेत में बना रहे प्याज भंडारण संरचना, 50 फीसदी मिल रहा अनुदान

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

जिला कृषि एवं उद्यानिकी विकास समिति की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एडीएम (प्रशासन) सुरेश कुमार यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में एडीएम प्रशासन यादव ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप फसलों को बढ़ावा दिया जाए तथा कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए।

प्याज भंडारण संरचना पर 50 प्रतिशत अनुदान
बैठक में उद्यानिकी विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत समन्वित फसलोत्तर प्रबंधन योजना में किसानों को अपने खेत में प्याज भंडारण संरचना निर्माण पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। 25 मीट्रिक टन क्षमता की भंडारण संरचना के निर्माण पर 87 हजार 500 रुपये तक का अनुदान प्रदान किया जाता है।

जिले में 45 प्याज भंडारण संरचनाएं स्वीकृत
उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 45 प्याज भंडारण संरचनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जो नोखा, पांचू, श्रीडूंगरगढ़ (जसरासर), कुचौर, सालासर, साधासर, मसूरी, सिनियाला, मैयासर, थावरिया, अभयसिंहपुरा, झझेऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित की गई हैं। इन संरचनाओं के माध्यम से किसान उत्पादन के तुरंत बाद प्याज बेचने के बजाय उचित भंडारण कर अनुकूल बाजार भाव मिलने पर विक्रय कर अधिक लाभ अर्जित कर रहे हैं।

अनार, खजूर और किन्नू की खेती का विस्तार
गहलोत ने बताया कि जिले में वर्तमान में लगभग 700 हेक्टेयर क्षेत्र में अनार, 300 हेक्टेयर में खजूर तथा करीब 200 हेक्टेयर में किन्नू एवं अन्य नींबू वर्गीय फसलों की खेती की जा रही है। उन्होंने बताया कि अनार की ‘भगवा सिंदूरी’ किस्म तथा खजूर की ‘बरई’ एवं ‘मेडजूल’ किस्म यहां की जलवायु के अनुरूप पाई गई है।

विभागीय प्रगति की प्रस्तुति
बैठक के दौरान कृषि विस्तार के सहायक निदेशक सुरेन्द्र मारू, पीडी आत्मा डॉ बनवारी लाल डाबला, काजरी के प्रमुख डॉ नवरतन पंवार तथा केवीके बीकानेर से डॉ मदन लाल ने पीपीटी के माध्यम से विभागीय प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

इस अवसर पर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मदन लाल, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ बिरमाराम, उद्यानिकी विभाग की उपनिदेशक श्रीमती रेणु वर्मा, सहायक निदेशक श्री मुकेश गहलोत, पीडी आत्मा डॉ बनवारी लाल डाबला, सहायक निदेशक श्रीमती मीनाक्षी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

Share your love
Facebook
Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *