नत्थूसर गेट के बाहर धूलंडी के दोपहर में होगा यह आयोजन

बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।
धुलण्डी पर तणी तोड़ने की रस्म इस बार बहुत ही व्यवस्थित तरीके से आयोजित की जाएगी। यह आयोजन धुलंडी के दिन दोपहर 3 बजे से नत्थूसर गेट के बाहर आयोजित होगा। तणी तोड़ने के आयोजन से जुड़े मोहल्ला समिति व राणा मंडल के सदस्यों ने पत्रकारों को बताया कि इस बार नत्थूसर गेट क्षेत्र को अच्छे तरीके से सजाया जाएगा। इसके लिए जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों को बोल दिया गया है। उन्होंने बताया कि नत्थूसर गेट की तणी तोड़ने के रस्म में सबसे ज्यादा हुडदंग होती है।

यहां पर यातायात भी बंद नहीं होता है। इससे हर साल आयोजकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस रस्म को देखने के लिए आने वाले सभी होली के रसियों को भी बहुत निराशा हाथ लगती हैं इसलिए इस बार आयोजक समिति ने पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर उनसे मांग की है कि तणी तोड़ने की रस्म के दौरान नत्थूसर गेट की ओर आने वाले सभी मुख्य मार्गों पर आवागमन बंद किया जाए।

पहली बार अतिथियों के लिए सजेगा मंच
आयोजन समिति के प्रेम रतन जोशी ‘उस्ताद’, नवनीत पुरोहित, गिरिराज किराडू, नरेश जोशी, ऋषभ जोशी आदि ने बताया कि पहली बार तणी तोड़ने की रस्म के दौरान एक विशालकाय मंच लगाया जाएगा। उस मंच पर शहर के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस के अधिकारियों के अलावा समाज के मौजीज लोग मौजूद रहेंगे। इसी प्रकार मीडियाकर्मियों व कैमरामैन के लिए भी एक स्थान निर्धारित किया जाएगा ताकि कवरेज में किसी तरह का व्यवधान ना पड़े।
पुजारी बाबा की गैर से होती है शुरुआत
यह आयोजन पुजारी बाबा की गैर के आगमन के साथ ही शुरू हो जाता है। दोपहर ठीक 3 बजे पुजारी बाबा हजारों की भीड़ में एक गैर लेकर निकलते हैं। यह गैर जैसे ही नत्थूसर गेट को क्रॉस करती है और तनी तोड़ने की रस्म शुरू हो जाती है। उस्ताद जोशी ने बताया कि तणी तोड़ने की रस्म 1993 से लगातार नत्थूसर गेट पर आयोजित हो रही है। उससे पहले यह बारह गुवाड़ चौक में सूरदासानी पुरोहित गली में आयोजित होती थी।






