बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

“आज ब्रज में होली रे रसिया, होरी रे रसिया, बरजोरी रसिया…अपने-अपने घर से निकसी…कोई श्यामल कोई गोरी रे रसिया…सरीखे गीत से इन दिनों शहर के मंदिर और घर गूंज रहे हैं। होली के पारंपरिक गीतों, चंग धमला, होली की हुड़दंग के साथ ही अब बीकानेर में भी होली का ट्रेंड बदल रहा है। आजकल घरों में फाग उत्सव की धूम मची है। अपने-अपने घरों में ठाकुरजी के साथ परिवारजन मिलकर फाग उत्सव मना रहे हैं।

इसमें हंसी-ठिठोली के साथ ही ठाकुरजी को फाग गीतों से रिझाया जा रहा है। इसमें बच्चे, बालिकाएं, महिलाएं बड़े उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं। भजनों पर आधारित फाग गीतों में सभी झूम रहे हैं, साथ ही एक दूसरे को गुलाल भी मल रहे हैं। यह सिलसिला होली तक चलेगा।
मंदिरों में फाग उत्सव…


पुष्टिमार्गी मंदिरों में जहां ठाकुरजी को अब सखिया गारी गीत सुनाकर चिढ़ाने लगी है। वहीं भर-भर प्याला गुलाल से ठाकुरजी को होली खेलाई जा रही है। कीर्तनकार रसिया गीत सुनाकर ठाकुरजी को रिझा रहे हैं। वही शहर के अन्य मंदिरों में भी इन दिनों फाग उत्सव की धूम है। लक्ष्मीनाथ मंदिर में आज फाग उत्सव मनाया गया। इसमे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी निभाई। मंदिर परिसर में श्याम मंडल के कलाकारों ने खाटूश्याम के भजनों से सभी को मंत्रमुग्द कर दिया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी रही।
रंग बारहस पर केशर-गुलाब जल से खेलाएंगे होली…
डागा चौक स्थित प्राचीन नृसिंह मंदिर में होलाष्टक के साथ ही फाग उत्सव शुरू हो गया था। यह अब होली (2 मार्च) तक चलेगा। मंदिर में परम्परा के अनुसार 28 फरवरी की दोपहर को “रंग बारहस” मनाई जाएगी। इस दौरान नृसिंह भगवान को केशर-गुलाब जल से होली खेलाई जाएगी। वहीं श्रद्धालु भक्त भजन-कीर्तन करेंगे। सभी श्रद्धालुओं को मंदिर में ही केशर-गुलाब जल से होली खेलाई जाएगी। प्रसाद का वितरण होगा।
होगी पुष्पों की होली…
मंदिर में होलाष्टक से शुरू हुआ फाग उत्सव परवान पर है। पुजारी मनोज-विजय पांड़िया ने बताया कि अंतिम दिन दो फरवरी की शाम को नृसिंह भगवान को पुष्पों की होली खेलाई जाएगी। इस अवसर पर मंदिर को रंगीन रोशनियों से सजाया गया है। शाम को आरती के बाद प्रसाद का विरतण किया जा रहा है।
फाग उत्सव में गायक कलाकार फाग गीत और भजन सुनाकर नृसिंह भगवान को रिझा रहे हैं। इसमें गायक सावर लाल रंगा,मनोज रंगा, राहुल बिस्सा, प्रगति, हर्षिता, नरोत्तम, अशोक शर्मा, मनीष व्यास नगाड़ो पर, अशोक बिस्सा तबला संगत कर रहे हैं। आयोजन को लेकर नृसिंह भक्त भागीदारी निभा रहे हैं।






