बीकानेर, निडर इंडिया न्यूज।

होली और खाटूश्याम मेले को देखते हुए रेलवे ने विशेष चैकिंग अभियान तैयार किया है। इसके लिए ट्रेनों में विशेष रूप से सुरक्षा, स्वच्छता, अनाधिकृत यात्रा करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। इन त्योहारों में यात्रियों और श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ रहेगी, इसको ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने व्यापक और विशेष व्यवस्थाएँ की हैं। होली पर्व पर उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 23 स्पेशल ट्रेनों के 113 ट्रिप संचालन और 24 स्पेशल ट्रेनों के 114 ट्रिप संचालन की अवधि में विस्तार की अधिसूचना जारी की गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे ने विभिन्न मार्गाें पर यात्री भार की समीक्षा कर यात्रियों को सुगम रेल यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। होली के त्यौहार एवं खाटूश्याम मेले की अवधि के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो इसके लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस दौरान ट्रेनों और स्टेशनों पर सुरक्षा, स्वच्छता औरअनाधिकृत यात्रा रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुविधा प्रदान की जा सके। इन अभियानों के लिए मुख्यालय स्तर और मण्डल स्तर पर टीम का गठन किया गया है जो नियमित रूप से स्टेशनों और ट्रेनों का निरीक्षण करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। त्यौहारों के अवसर पर अक्सर देखा जाता है कि यात्री प्रतिबंधित पदार्थ जैसे पटाखे, पेट्रोलियम पदार्थ, गैस सिलेण्डर, केरोसिन, सूखी झाडिया, नशीले पदार्थ इत्यादि लेकर सफर करते है जोकि रेल यात्रा के दौरान प्रतिबंधित है और यह यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करता है। रेलवे अधिनियम के अनुसार, रेल यात्रा के दौरान प्रतिबंधित या विस्फोटक सामग्री ले जाना एक दंडनीय अपराध है, अगर कोई ऐसा करते पाए गए तो 1,000 तक का जुर्माना या तीन साल तक की कैद या दोनों का प्रावधान है। रेलवे सुरक्षा बल के दस्तों द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों में गहन चैकिंग की जाती है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के तहत कोई भी अवांछनीय गतिविधि पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
इन चैकिंग अभियानों में बिना टिकट यात्रा, निर्धारित श्रेणी के अतिरिक्त अन्य डिब्बों में यात्रा, अनाधिकृत वेडिंग और गंदगी करने वाले यात्रियों के विरूद्ध भी कार्यवाही की जाएगी।
रेलवे द्वारा अनियमितताओं के मामलो को गंभीरता के साथ लिया जाता है और किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त होने पर सख्त कार्यवाही की जाती है। किसी भी यात्री को गैर कानूनी कृत्यों के संबंध में सूचना प्राप्त हो तो वह रेलवे सुरक्षा बल या रेलवे कर्मचारियों को इसकी सूचना देवे अथवा रेलवन ऐप/139 पर शिकायत भी दर्ज करवा सकते है।
यात्रियों को होती है परेशानी, नियमित चलना चाहिए अभियान…
रेलवे यात्रियों को सफर के दौरान उस समय परेशानी होती है, जब स्लीपर टिकट लेकर यात्रा करते हैं, लेकिन रास्ते में पड़ने वाले छोटी दूरी के स्टेशनों से बिना आरक्षण वाले सामान्य टिकट लेकर भी लोग स्लीपर कोच में सफर के लिए चढ़ जाते हैं। आसानी से इधर-उधर, सीटों के ऊपर बैठ जाते हैं। हलांकि यह समस्या दिन के सफर में ज्यादा होती है। इसके साथ ही अनाधिकृतक वेंडर, फेरी वाले, किन्नर भी कोच में घुस आते हैं, इससे यात्रियों को परेशानी होती है। रेलवे प्रबंधन को ऐसी बातों को ध्यान में रखकर इन पर सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए। यह अभियान नियमित चलाना चाहिए।






